नवीनतम
फीचर्ड
राजनीति
कानपुर विस्फोट में एसएचओ समेत पांच सस्पेंड
एसीपी हटाए गए, मामला अवैध पटाखों का
कानपुर। दिनांक 08.10.2025 की रात्रि लगभग 19:15 बजे थाना मूलगंज क्षेत्रान्तर्गत मेस्टन रोड स्थित मिश्री बाजार में एक खिलौने की दुकान के सामने दो स्कूटी में ब्लास्ट की घटना हुई। घटना में लगभग आठ व्यक्ति घायल हुए है। इनमें से चार व्यक्तियों को गंभीर अवस्था में तत्काल लखनऊ रेफर किया गया तथा शेष चार व्यक्तियों में से दो को मामूली चोटें आईं, जिनका प्राथमिक उपचार कर घर भेज दिया गया, जबकि दो अन्य का उपचार चिकित्सालय में जारी है। घटना अवैध पटाखों से होती प्रतीत हो रही है। पुलिस आयुक्त रघुवीर लाल ने एसएचओ समेत पांच पुलिस वालों को निलंबित कर दिया है तथा एसीपी को वहां से हटा दिया गया है।
यह जानकारी देते हुए पुलिस आयुक्त ने बताया कि घटना की प्रारंभिक जांच के दौरान यह स्पष्ट हुआ कि यह मामला अवैध पटाखों के भंडारण से संबंधित है। जिस दुकान के सामने विस्फोट हुआ, उसके समीप से भी पर्याप्त मात्रा में पटाखे बरामद किए गए हैं। साथ ही लगभग 25 मीटर की दूरी पर एक गोदाम मिला है, जिसमें अत्यधिक मात्रा में विस्फोटक पदार्थ पाए गए हैं, जो पटाखों के निर्माण में प्रयुक्त होते हैं।
सोशल मीडिया पर प्रसारित इस घटना को मस्जिद के पास हुई तथा “खालिस्तान जिंदाबाद फोर्स” जैसी गतिविधियों से जोड़ने वाले सभी दावे पूर्णतः असत्य और भ्रामक हैं। यह एक स्थानीय स्तर की दुर्घटना है, जो अवैध रूप से पटाखे रखने एवं भंडारण से उत्पन्न हुई है। इस संबंध में बिना लाइसेंस पटाखे रखने वालों के विरुद्ध विधिक कार्रवाई की जा रही है। अब तक घटना में सम्मिलित 12 व्यक्तियों की पहचान कर आवश्यक कार्रवाई की जा रही है। दो स्कूटी घटनास्थल से बरामद की गई हैं, जिनमें से एक स्कूटी सवार को गंभीर अवस्था में लखनऊ रेफर किया गया है, जबकि दूसरी स्कूटी चोरी की पाई गई है।
घटना में किसी भी प्रकार की आतंकी गतिविधि या संगठन विशेष की संलिप्तता का कोई प्रमाण नहीं मिला है। यह पूर्णतः अवैध पटाखों से संबंधित स्थानीय घटना है। जांच के दौरान लापरवाही पाए जाने पर एसएचओ सहित पाँच पुलिस कर्मियों को निलंबित किया गया है तथा सम्बन्धित सहायक पुलिस आयुक्त (एसीपी) को तत्काल प्रभाव से हटा दिया गया है। तारिक नाम के एक व्यक्ति की तलाश की जा रही है जिसका नाम पटाखों के अवैध भंडारण में आ रहा है तथा पूरे क्षेत्र में अवैध पटाखों के लिए सघन तलाशी अभियान चलाया जा रहा है।


Comments