राजनीति
संतों की वाणी समाज में समरसता का संदेश देती है, 2047 तक विकसित राष्ट्र बनेगा भारत : ओम बिरला
लोकसभा अध्यक्ष ने कबीर स्मृति भवन का किया शिलान्यास, डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य ने डबल इंजन सरकार की उपलब्धियां गिनाईं
लखीमपुर खीरी। लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने कहा कि संतों की वाणी समाज में समरसता, सद्भाव और मानवीय मूल्यों को मजबूत करती है। संत कबीर की शिक्षाएं आज भी प्रासंगिक हैं और समानता व विवेक का संदेश देती हैं। वह बुधवार को संत श्री असंगदेव जी महाराज के 60वें अवतरण दिवस पर आयोजित कबीर महोत्सव में बोल रहे थे। इस दौरान उन्होंने कबीर स्मृति भवन का शिलान्यास भी किया।
.jpg)
ओम बिरला ने कहा कि संत कबीर ने अपनी निर्भीक वाणी से सामाजिक कुरीतियों, पाखंड और जातिगत भेदभाव पर प्रहार किया। उनकी शिक्षाएं समानता और मानवीय मूल्यों को अपनाने की प्रेरणा देती हैं। लोकतंत्र में विचारों की भिन्नता स्वाभाविक है, लेकिन सहमति और असहमति दोनों का सम्मान किया जाना चाहिए। उन्होंने संत श्री असंगदेव जी महाराज के योगदान की सराहना करते हुए कहा कि संतों का सान्निध्य व्यक्ति को नैतिकता और संयम के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देता है।
2047 तक विकसित राष्ट्र बनाने का लक्ष्य
उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश तेजी से विकास की ओर बढ़ रहा है। केंद्र और प्रदेश की डबल इंजन सरकार बिना भेदभाव जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ लोगों तक पहुंचा रही है। उन्होंने कहा कि वर्ष 2014 से पहले के भारत और 2017 से पहले के उत्तर प्रदेश की तुलना में आज विकास और सुशासन की तस्वीर बदली है।
.jpg)
मौर्य ने कहा कि आजादी के 100 वर्ष पूरे होने पर वर्ष 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने का लक्ष्य रखा गया है। देश हर क्षेत्र में आगे बढ़ रहा है और आने वाले वर्षों में वैश्विक स्तर पर अपनी मजबूत पहचान स्थापित करेगा। उन्होंने प्रदेश में कानून-व्यवस्था मजबूत होने और अपराधियों के विरुद्ध कार्रवाई का भी उल्लेख किया।
जल शक्ति मंत्री स्वतंत्र देव सिंह ने कहा कि सरकारी जमीन, नालियों और पोखरों पर कब्जा करने के बजाय बच्चों की शिक्षा और उनके उज्ज्वल भविष्य पर ध्यान देना चाहिए।
समारोह में प्रदेश सरकार के मंत्री एवं प्रभारी मंत्री नितिन अग्रवाल, पूर्व केंद्रीय मंत्री अजय मिश्र टेनी, विधायक योगेश वर्मा, विनोद शंकर अवस्थी, शशांक वर्मा, अमन गिरी, रोमी साहनी, भाजपा जिलाध्यक्ष अरविंद गुप्ता सहित विभिन्न राज्यों से आए संत-महात्मा और बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे। कार्यक्रम का समापन ‘भारत माता की जय’ और ‘जय श्रीराम’ के उद्घोष के साथ हुआ।


Comments