बिचुआ भूड़ में 10 घंटे चला पुलिस का सर्च ऑपरेशन, 10 अवैध तमंचे बरामद

10 हजार लीटर लहन नष्ट, दो वारंटी गिरफ्तार; 7 संदिग्ध QR कोड भी मिले सतनाम हत्याकांड के बाद एसएसपी के निर्देश पर 10 टीमों ने चलाया विशेष अभियान

Abhinav Shukla Picture
Published On

नानकमत्ता। सतनाम हत्याकांड के बाद कोतवाली क्षेत्र के ग्राम बिचुआ भूड़ में पुलिस ने अवैध हथियारों और आपराधिक गतिविधियों के खिलाफ करीब 10 घंटे तक विशेष अभियान चलाया। अभियान में पुलिस ने 10 अवैध तमंचे बरामद किए, कच्ची शराब बनाने के लिए तैयार 10 हजार लीटर लहन नष्ट किया और दो वारंटियों को गिरफ्तार किया। इस दौरान पुलिस को सात क्यूआर कोड भी मिले हैं, जिनके इस्तेमाल को लेकर जांच की जा रही है।
 
गुरुवार को नानकमत्ता कोतवाली में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में एसएसपी अजय गणपति ने अभियान की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि हत्याकांड के बाद क्षेत्र में अवैध हथियारों की मौजूदगी और आदतन अपराधियों की गतिविधियों को लेकर अहम इनपुट मिले थे। इस पर एसपी सिटी प्रमोद कुमार के नेतृत्व में 10 पुलिस टीमों का गठन कर सुनियोजित तरीके से कार्रवाई की गई।
 
एसएसपी ने बताया कि बरामद तमंचे किसके पास थे, इनका इस्तेमाल किन गतिविधियों में होना था और इनका स्रोत क्या है, इसकी जांच की जा रही है। हथियारों का किसी वारदात में इस्तेमाल हुआ है या नहीं, इस बिंदु पर भी जांच केंद्रित है।
 
*इनसेट - 10 हजार लीटर लहन नष्ट*
 
अभियान के दौरान पुलिस को कच्ची शराब बनाने के लिए तैयार करीब 10 हजार लीटर लहन मिला, जिसे मौके पर ही नष्ट कर दिया गया। पुलिस ने इसे अवैध शराब कारोबार पर बड़ी चोट बताया। गिरफ्तार दोनों वारंटियों से पूछताछ जारी है। पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद नामों का खुलासा किया जाएगा।
 
*इनसेट - 10 पुलिस टीमों ने संभाला मोर्चा*
 
विशेष अभियान में सीओ नवीन सेमवाल, पुलभट्टा थानाध्यक्ष उमेश कुमार, झनकइया कोतवाल देवेंद्र गौरव, इंस्पेक्टर प्रकाश सिंह दानू और खटीमा कोतवाली के एसएसआई केसी आर्य समेत विभिन्न थानों की टीमें शामिल रहीं। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक अवैध हथियारों और अवैध शराब पर अंकुश लगाने के लिए आगे भी अभियान जारी रहेगा।

About The Author

Post Comments

Comments

संबंधित खबरें