जनपद में 28 से 31 अक्टूबर तक भारी बारिश और तेज हवाओं का अलर्ट
वज्रपात की आशंका, जिलाधिकारी ने सतर्क रहने की अपील की
राजेश तिवारी ( ब्यूरो रिपोर्ट)
सोनभद्र/ उत्तर प्रदेश-
बंगाल की खाड़ी में विकसित हो रहे निम्न दबाव क्षेत्र के प्रभाव से सोनभद्र में 28 से 31 अक्टूबर तक तेज हवाओं, वज्रपात और भारी वर्षा की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग की चेतावनी के दृष्टिगत जिलाधिकारी ने जनपदवासियों से सतर्कता बरतने और सुरक्षित स्थानों पर रहने की अपील की है।

अपर जिलाधिकारी (वि०/रा०) के अनुसार, 28 अक्टूबर को 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने और झोंकों की गति 50 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंचने की संभावना है। वहीं, 29 से 31 अक्टूबर तक गरज-चमक, वज्रपात और भारी बारिश का पूर्वानुमान है।

प्रशासन ने लोगों को तेज हवाओं और बिजली कड़कने के दौरान पेड़ों, बिजली के खंभों, टिनशेड तथा कमजोर होर्डिंग से दूर रहने और सुरक्षित पक्के भवनों में शरण लेने की सलाह दी है। किसानों को खुले में रखे अनाज को सुरक्षित करने तथा फसलों की कटाई-मड़ाई में सावधानी बरतने को कहा गया है। नदी, नालों, जलाशयों और जलप्रपातों के आसपास जाने से बचने की भी अपील की गई है।
मौसम की नवीनतम जानकारी के लिए मौसम, दामिनी एवं मेघदूत ऐप का उपयोग करें। किसी भी आपातकालीन स्थिति में जिला आपदा नियंत्रण कक्ष के नंबर 05444-297645 या आपदा हेल्पलाइन 1077 पर सूचना दें। प्रशासन ने लोगों से अफवाहों से बचने और केवल अधिकृत सूचनाओं पर भरोसा करने की अपील की है।


Comments