नवीनतम
फीचर्ड
राजनीति
मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने पीएमसीएच के नवनिर्मित टावर-3 का किया उद्घाटन, 536 बेड की सुविधा का हुआ विस्तार
स्वास्थ्य मंत्री निशांत की अध्यक्षता में आयोजित हुआ उद्घाटन समारोह
पटना। बिहार में स्वास्थ्य सेवाओं को और अधिक सुदृढ़, आधुनिक एवं सुलभ बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए माननीय मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने आज पटना चिकित्सा महाविद्यालय एवं अस्पताल की पुनर्विकास योजना (फेज-1) के अंतर्गत नवनिर्मित अस्पताल भवन के टावर-3 का उद्घाटन किया। इस नए टावर के शुरू होने से अस्पताल में 536 बेड की सुविधा का विस्तार हुआ है। उद्घाटन समारोह स्वास्थ्य मंत्री श्री निशांत की अध्यक्षता में आयोजित किया गया। इस अवसर पर उप मुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी एवं उप मुख्यमंत्री बिजेन्द्र प्रसाद यादव विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।
उद्घाटन के पश्चात मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने नवनिर्मित टावर-3 का विस्तृत निरीक्षण किया तथा वहां उपलब्ध आधुनिक चिकित्सा सुविधाओं, उपचार सेवाओं एवं अन्य व्यवस्थाओं के संबंध में अधिकारियों से जानकारी प्राप्त की। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने मुख्यमंत्री को टावर-3 के भूतल पर कियोस्क एवं काउंटर के माध्यम से ओपीडी मरीजों के पंजीकरण की प्रक्रिया तथा अल्पाहार गृह की व्यवस्था से अवगत कराया। साथ ही, पीएमसीएच पुनर्विकास योजना के अंतर्गत अब तक पूर्ण किए गए कार्यों एवं निर्माणाधीन कार्यों की प्रगति के संबंध में विस्तृत जानकारी दी गई।
मुख्यमंत्री ने नवनिर्मित टावर-3 के पांचवें तल पर पीडियाट्रिक इंटेंसिव केयर यूनिट (पीकू) वार्ड का फीता काटकर उद्घाटन किया। इसके बाद उन्होंने प्रतीक्षालय, स्त्री रोग एवं प्रसूति आईसीयू, नर्स स्टेशन, चिकित्सा एवं उपचार कक्ष तथा प्रसवोत्तर वार्ड का निरीक्षण कर उपलब्ध चिकित्सा सुविधाओं का जायजा लिया। साथ ही, छठे तल पर स्थित मॉड्यूलर ऑपरेशन थिएटर (ओटी)-22 सहित विभिन्न शल्य चिकित्सा कक्षों एवं प्रथम तल पर स्थित रेडियोलॉजी विभाग का निरीक्षण कर वहां उपलब्ध आधुनिक चिकित्सा एवं जांच सुविधाओं की जानकारी प्राप्त की।
निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि अस्पताल के सभी विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित कर मरीजों के उपचार की व्यवस्था को और अधिक प्रभावी एवं सुदृढ़ बनाया जाए। उन्होंने कहा कि पीएमसीएच में अब एक साथ 2,500 बेड पर मरीजों का आधुनिक चिकित्सा सुविधाओं के साथ उपचार किया जा सकेगा। मुख्यमंत्री ने अस्पताल में उपलब्ध चिकित्सा उपकरणों एवं अन्य सुविधाओं के बेहतर रखरखाव पर जोर देते हुए अधिकारियों को निर्देश दिया कि मरीजों एवं उनके परिजनों को किसी प्रकार की असुविधा न हो। साथ ही, अस्पताल की व्यवस्थाओं का नियमित निरीक्षण, समस्याओं का त्वरित समाधान तथा पुनर्विकास योजना के शेष निर्माण कार्यों को निर्धारित गुणवत्ता मानकों के अनुरूप पूर्ण करना सुनिश्चित किया जाए।
निरीक्षण के क्रम में मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने टावर-3 के भूतल पर राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम के अंतर्गत जन्मजात विकृतियों से पीड़ित बच्चों एवं उनके अभिभावकों से मुलाकात कर उनका हालचाल जाना तथा बच्चों के बीच पोषण किट का वितरण किया। उल्लेखनीय है कि स्वास्थ्य विभाग द्वारा आरबीएसके के तहत कटे होंठ, कटे तालु एवं टंग टाई (जीभ की गति बाधित होने की स्थिति) से पीड़ित बच्चों की सर्जरी के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इस अभियान के अंतर्गत पीएमसीएच सहित राज्य के 12 चिकित्सा संस्थानों में अब तक कुल 66 बच्चों की सफल सर्जरी की गई है। इनमें कटे होंठ से पीड़ित 38, कटे तालु से पीड़ित 20, कटे होंठ एवं तालु से पीड़ित 3 तथा टंग टाई से पीड़ित 5 बच्चे शामिल हैं।
माननीय मुख्यमंत्री ने इस दौरान अस्पताल में उपलब्ध चिकित्सा सुविधाओं एवं मरीजों की देखभाल से संबंधित व्यवस्थाओं की जानकारी भी प्राप्त की। मुख्यमंत्री ने पीएमसीएच के चिकित्सकों एवं पदाधिकारियों के साथ सामूहिक तस्वीर भी खिंचवाई।
कार्यक्रम के दौरान स्वास्थ्य मंत्री निशांत ने मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी को पुष्पगुच्छ भेंट कर उनका अभिनंदन किया। वहीं, स्वास्थ्य सचिव कुमार रवि ने मुख्यमंत्री को पुष्पगुच्छ एवं स्मृति चिह्न भेंट कर उनका स्वागत किया।
इस अवसर पर सहकारिता मंत्री राम कृपाल यादव, विधायक संजीव चौरसिया, विधायक संजय कुमार, मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत, मुख्यमंत्री के सचिव लोकेश कुमार सिंह, स्वास्थ्य सचिव कुमार रवि, बिहार राज्य स्वास्थ्य समिति के कार्यपालक निदेशक डॉ. नवल किशोर चौधरी, बिहार चिकित्सा सेवाएं एवं आधारभूत संरचना निगम लिमिटेड के प्रबंध निदेशक सुब्रत कुमार सेन, पटना चिकित्सा महाविद्यालय एवं अस्पताल के अधीक्षक डॉ. राजीव कुमार सिंह सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति, वरीय पदाधिकारी एवं चिकित्सक उपस्थित थे।


Comments