डिस्ट्रिक्ट प्रेस क्लब ने पत्रकार सुरक्षा, सम्मान व स्वतंत्रता की उठाई आवाज, सौंपा ज्ञापन 

दो न्यूज चैनल के संपादकों सहित एक महिला पत्रकार को हिरासत में लिए जाने के मामले पर डिस्ट्रिक्ट प्रेस क्लब, जनपद जालौन ने चिंता जताते हुए पत्रकारों की सुरक्षा, सम्मान और प्रेस की स्वतंत्रता की मांग उठाई है।

Abhinav Shukla Picture
Published On

उरई(जालौन)-  दो न्यूज चैनल के संपादकों सहित एक महिला पत्रकार को हिरासत में लिए जाने के मामले पर डिस्ट्रिक्ट प्रेस क्लब, जनपद जालौन ने चिंता जताते हुए पत्रकारों की सुरक्षा, सम्मान और प्रेस की स्वतंत्रता की मांग उठाई है। संगठन की ओर से राष्ट्रपति एवं प्रधानमंत्री के नाम ज्ञापन जिलाधिकारी के माध्यम से भेजकर पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने और पत्रकारों के संवैधानिक अधिकारों की रक्षा के लिए प्रभावी कदम उठाने की मांग की गई।
 
डिस्ट्रिक्ट प्रेस क्लब के जिलाध्यक्ष मनोज राजा के नेतृत्व में पत्रकारों द्वारा सौंपे गए ज्ञापन में कहा गया कि पत्रकार लोकतंत्र के चौथे स्तंभ के रूप में समाज की समस्याओं, जनहित के मुद्दों और शासन-प्रशासन की कार्यप्रणाली को जनता के सामने रखते हैं। ऐसे में पत्रकारों के विरुद्ध किसी भी कानूनी कार्रवाई में पारदर्शिता और निर्धारित विधिक प्रक्रिया का पालन सुनिश्चित किया जाना आवश्यक है।
 
ज्ञापन में मांग की गई कि लिविंग इंडिया एवं हिंदी खबर न्यूज चैनल के संपादकों और महिला पत्रकार को हिरासत में लिए जाने के प्रकरण की स्वतंत्र एवं उच्चस्तरीय जांच कराई जाए। यदि जांच में अवैध कार्रवाई, दुर्व्यवहार अथवा अधिकारों के उल्लंघन की पुष्टि होती है, तो जिम्मेदारों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाए। साथ ही पत्रकारों को बिना किसी भय, दबाव या प्रतिशोध के अपने दायित्वों का निर्वहन करने के लिए सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराया जाए। संगठन ने पत्रकारों को धमकी देने, उनके साथ मारपीट करने और उत्पीड़न की शिकायतों पर निष्पक्ष जांच के बाद त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने की मांग की।
 
इसके अलावा महिला पत्रकारों की सुरक्षा एवं उनकी गरिमा बनाए रखने, उनकी शिकायतों का संवेदनशीलता के साथ निस्तारण करने तथा पत्रकारों के अधिकारों की रक्षा के लिए राष्ट्रीय स्तर पर पत्रकार सुरक्षा आयोग के गठन की मांग भी ज्ञापन में शामिल रही। जिलाध्यक्ष मनोज राजा ने कहा कि संगठन का उद्देश्य किसी व्यक्ति या संस्था के विरुद्ध पूर्वाग्रह के आधार पर कार्रवाई कराना नहीं, बल्कि निष्पक्ष जांच, कानून का शासन स्थापित और स्वतंत्र पत्रकारिता की रक्षा सुनिश्चित कराना है। इस मौके पर जनपद के वरिष्ठ सहित तमाम पत्रकारगण मौजूद रहे।
 
 

About The Author

Post Comments

Comments

संबंधित खबरें