बाइक चोरी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश,2 कबाड़ी सहित तीन शातिर गिरफ्तार; 4 चोरी की बाइक और 10 बाइक के कटे पार्ट्स बरामद

बस्ती जिले केथाना कोतवाली पुलिस ने मोटरसाइकिल चोरी कर उन्हें काटकर अलग-अलग पार्ट्स में बेचने वाले गिरोह का खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

Abhinav Shukla Picture
Published On

बस्ती। बस्ती जिले केथाना कोतवाली पुलिस ने मोटरसाइकिल चोरी कर उन्हें काटकर अलग-अलग पार्ट्स में बेचने वाले गिरोह का खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी की चार मोटरसाइकिल, एक पिकअप वाहन तथा 10 मोटरसाइकिलों के इंजन नंबर प्लेट और अन्य कटे हुए पुर्जे बरामद किए हैं। पुलिस के अनुसार आरोपी चोरी की मोटरसाइकिलों को काटकर उनके पार्ट्स अलग-अलग करते थे और इनमें से काफी सामान नेपाल ले जाकर बेचते थे।
 
पुलिस ने तीनों आरोपियों को 07 अक्टूबर 2026 को सुबह करीब 5:10 बजे मूड़घाट पंचायत भवन के पास थाना कोतवाली क्षेत्र से गिरफ्तार किया। आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में विधिक कार्रवाई करते हुए उन्हें न्यायालय के समक्ष पेश कर जेल भेज दिया गया।
 
रात्रि गश्त के दौरान संदिग्ध गतिविधि से खुला राज
पुलिस के अनुसार 06/07 अक्टूबर की रात थाना कोतवाली पुलिस रात्रि गश्त पर थी। इसी दौरान पुलिस टीम को दो संदिग्ध मोटरसाइकिल सवारों के साथ एक पिकअप वाहन जाता हुआ दिखाई दिया। पुलिस ने वाहनों को रोककर जांच की तो उसमें सवार तीनों व्यक्ति संदिग्ध प्रतीत हुए।
 
पुलिस ने जब दोनों मोटरसाइकिलों और पिकअप वाहन की तलाशी ली तो पिकअप में लदी दो अन्य मोटरसाइकिलों समेत कुल चार मोटरसाइकिलें मिलीं। जांच में चारों मोटरसाइकिलों के चोरी की होने की बात सामने आई। इसके अलावा पिकअप की बॉडी के अंदर से 10 मोटरसाइकिलों के इंजन नंबर प्लेट तथा अन्य पुर्जे बरामद हुए।
इसके बाद पुलिस ने तीनों संदिग्धों से पूछताछ की। पुलिस का दावा है कि पूछताछ में आरोपियों ने मोटरसाइकिल चोरी करने और उन्हें काटकर अलग-अलग पार्ट्स में बेचने की बात स्वीकार की।
 
चोरी की बाइक काटकर अलग-अलग पार्ट्स में बेचते थे
 
पूछताछ में पुलिस के मुताबिक आरोपियों ने बताया कि वे शहर और आसपास के क्षेत्रों से मोटरसाइकिल चोरी करते थे। इसके बाद ग्राइंडर मशीन की मदद से मोटरसाइकिलों को काटकर उनके अलग-अलग पार्ट्स कर दिए जाते थे। इन पार्ट्स को कबाड़ के रूप में अलग-अलग स्थानों पर बेचने के साथ ही बड़ी मात्रा में सामान नेपाल ले जाकर बेचने की बात भी सामने आई है।
 
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी राजेश कुमार और रंगीलाल गुप्ता कबाड़ी के कारोबार की आड़ में चोरी की मोटरसाइकिलों के पार्ट्स बेचते थे। घटना की कड़ियां सामने आने के बाद पुलिस अब इस गिरोह से जुड़े अन्य लोगों और चोरी के पार्ट्स की खरीद-फरोख्त करने वालों के बारे में भी जानकारी जुटा रही है।
 
 
 

About The Author

Post Comments

Comments

संबंधित खबरें