महिला विद्यार्थियों के कौशल विकास के लिए असम विश्वविद्यालय में पांच दिवसीय प्रशिक्षण

महिला विद्यार्थियों में रोजगारपरक क्षमता, जीवन कौशल और नए युग की आवश्यक दक्षताओं को विकसित करने के उद्देश्य से असम विश्वविद्यालय के कृषि अभियांत्रिकी विभाग में पांच दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम शुरू हुआ है।

Abhinav Shukla Picture
Published On

श्रीभूमि संवाददाता स्वतंत्र प्रभात
 
 
महिला विद्यार्थियों में रोजगारपरक क्षमता, जीवन कौशल और नए युग की आवश्यक दक्षताओं को विकसित करने के उद्देश्य से असम विश्वविद्यालय के कृषि अभियांत्रिकी विभाग में पांच दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम शुरू हुआ है। ‘एम्प्लॉयबिलिटी स्किल्स एंड न्यू एज स्किल्स फॉर फीमेल स्टूडेंट्स ऑफ असम’ शीर्षक वाला यह प्रशिक्षण 6 से 10 अक्टूबर तक आयोजित किया जा रहा है। यह कार्यक्रम महिंद्रा एंड महिंद्रा की कॉरपोरेट सामाजिक उत्तरदायित्व (CSR) पहल ‘महिंद्रा प्राइड क्लासरूम’ के तहत नंदी फाउंडेशन द्वारा क्रियान्वित किया जा रहा है। असम विश्वविद्यालय के इंस्टीट्यूशंस इनोवेशन काउंसिल (IIC) और एंटरप्रेन्योरशिप डेवलपमेंट सेंटर के सहयोग से आयोजित उद्घाटन समारोह में विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. राजीव मोहन पंत, प्रो. देबमाल्य घोष, डॉ. अजीता तिवारी, अदिति नाथ सहित अन्य उपस्थित रहे।
 
इस अवसर पर कुलपति प्रो. पंत ने कहा कि विद्यार्थियों को औपचारिक शिक्षा के साथ-साथ व्यावहारिक कौशल से दक्ष बनाना आवश्यक है। तेजी से बदलती कार्य-दुनिया में संचार कौशल, डिजिटल ज्ञान, आलोचनात्मक चिंतन, परिस्थितियों के अनुरूप स्वयं को ढालने की क्षमता और उद्यमशीलता जैसे कौशलों का महत्व लगातार बढ़ रहा है। उन्होंने विकसित भारत 2047 के लक्ष्य की दिशा में महिला विद्यार्थियों को दक्ष बनाने वाली इस पहल की सराहना की। प्रो. देबमाल्य घोष ने कहा कि रोजगारपरक क्षमता केवल नौकरी हासिल करने तक सीमित नहीं है।
 
कार्यक्षेत्र में सफलता के लिए आत्मविश्वास, प्रभावी संचार, समस्या समाधान की क्षमता और पेशेवर दृष्टिकोण भी जरूरी हैं। वहीं, डॉ. अजीता तिवारी ने युवा महिलाओं के लिए रोजगारपरक एवं नए युग के कौशल सीखने के अधिक अवसर सृजित करने पर जोर दिया। महिंद्रा प्राइड क्लासरूम के प्रशिक्षक ताजिर हुसैन ने पांच दिवसीय प्रशिक्षण के विभिन्न पहलुओं की जानकारी दी। कुल 40 घंटे के इस प्रशिक्षण में संचार कौशल, सॉफ्ट स्किल्स, जीवन कौशल, प्रस्तुतीकरण, साक्षात्कार की तैयारी, समूह चर्चा, आलोचनात्मक चिंतन एवं समस्या समाधान, डिजिटल कौशल, वित्तीय जागरूकता, करियर तैयारी और उद्यमशीलता सहित विभिन्न विषयों पर प्रशिक्षण दिया जा रहा है।

About The Author

Post Comments

Comments

संबंधित खबरें