जनपद में दो महापुरुषों की जयंती भव्यता पूर्वक मनाई गई
इस अवसर पर आयोजित विचार गोष्ठी में दोनों महापुरुषों के जीवन, संघर्ष, आदर्शों एवं राष्ट्र निर्माण में उनके योगदान पर विस्तार से चर्चा की गई।
अमेठी। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी एवं भारत के पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती के अवसर पर जनपद में विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन कर दोनों महान विभूतियों को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की गई। कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित मुख्य कार्यक्रम में जिलाधिकारी शशांक चौधरी सहित अधिकारियों, कर्मचारियों एवं गणमान्य नागरिकों ने महात्मा गांधी एवं लाल बहादुर शास्त्री के चित्रों पर माल्यार्पण एवं पुष्प अर्पित कर उन्हें नमन किया। इस अवसर पर आयोजित विचार गोष्ठी में दोनों महापुरुषों के जीवन, संघर्ष, आदर्शों एवं राष्ट्र निर्माण में उनके योगदान पर विस्तार से चर्चा की गई।
वक्ताओं ने गांधी जी के सत्य, अहिंसा, स्वच्छता एवं सेवा के सिद्धांतों तथा शास्त्री जी की सादगी, ईमानदारी, कर्तव्यनिष्ठा और राष्ट्रभक्ति को आज भी प्रासंगिक बताते हुए उनके आदर्शों को अपनाने का आह्वान किया। कार्यक्रम के दौरान छात्राओं द्वारा महात्मा गांधी का प्रिय भजन “रघुपति राघव राजा राम” सहित विभिन्न प्रेरणादायक भजनों एवं सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने उपस्थित लोगों को भावविभोर कर दिया।
उत्कृष्ट प्रस्तुति देने वाली छात्राओं को जिलाधिकारी द्वारा सम्मानित भी किया गया। जिलाधिकारी ने अपने संबोधन में कहा कि महात्मा गांधी केवल एक व्यक्तित्व नहीं, बल्कि एक जीवंत विचारधारा हैं। उनके विचार आज भी समाज और राष्ट्र को दिशा प्रदान कर रहे हैं।
उन्होंने कहा कि गांधी जी के सत्य, अहिंसा, स्वावलंबन और स्वच्छता के संदेश को जीवन में उतारना ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी। उन्होंने अभिभावकों से बच्चों में स्वच्छता, अनुशासन और सामाजिक जिम्मेदारी की भावना विकसित करने का भी आह्वान किया, ताकि आने वाली पीढ़ी एक स्वच्छ और जागरूक भारत के निर्माण में अपनी भूमिका निभा सके।
कार्यक्रम में स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के आश्रितों अशोक कुमार द्विवेदी, परमानंद मिश्रा, राजेश सिंह, रमानिवास मिश्र एवं अब्दुल अनीस को अंगवस्त्र एवं माल्यार्पण कर सम्मानित किया गया। जिलाधिकारी ने कहा कि स्वतंत्रता सेनानियों का त्याग और बलिदान राष्ट्र की अमूल्य धरोहर है, जिसे सदैव स्मरण रखा जाएगा। अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) ज्योति सिंह तथा अपर जिलाधिकारी (न्यायिक) अमृता सिंह ने भी गांधी जी एवं शास्त्री जी के जीवन मूल्यों, संघर्ष और राष्ट्र सेवा पर प्रकाश डालते हुए उनसे प्रेरणा लेने की बात कही। गांधी जयंती के अवसर पर जनपद के विभिन्न सरकारी कार्यालयों, विद्यालयों एवं वृद्धाश्रमों में भी स्वच्छता, विचार गोष्ठी, सांस्कृतिक एवं जागरूकता कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में डिप्टी कलेक्टर अभिनव कनौजिया, रामशंकर, सात्विक श्रीवास्तव सहित अन्य अधिकारी, कर्मचारी, छात्र-छात्राएं एवं बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी कार्यालय पर डॉक्टर प्रदीप तिवारी ने भी दोनों महान विभूतियों को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।
#SwatantraPrabhat #राष्ट्रसेवा #UttarPradeshNews #श्रद्धांजलि #स्वच्छताअभियान #AmethiNews #अमेठीसमाचार #GandhiJayanti #महात्मागांधी #MahatmaGandhi #ShashankChaudhary #सांस्कृतिककार्यक्रम #स्वच्छभारत #विचारगोष्ठी #Amethi #GandhiJayanti2026 #LalBahadurShastri #ShastriJayanti #लालबहादुरशास्त्री #GandhiJayantiCelebration #जिलाधिकारीअमेठी #सत्यअहिंसा #रघुपतिराघवराजाराम #स्वतंत्रतासंग्रामसेनानी #स्वतंत्रतासेनानीसम्मान


Comments