16 राज्यों के सभी पत्रकारों ने डब्ल्यूजेआई की कार्यशाला में सीखी एआई की बारीकियां

वर्किंग जर्नलिस्ट्स ऑफ इंडिया (डब्ल्यूजेआई) की ओर से सोमवार को इंडिया हैबिटेट सेंटर में पत्रकारों के लिए कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) पर कार्यशाला आयोजित की गई।

Abhinav Shukla Picture
Published On

नई दिल्ली। वर्किंग जर्नलिस्ट्स ऑफ इंडिया (डब्ल्यूजेआई) की ओर से सोमवार को इंडिया हैबिटेट सेंटर में पत्रकारों के लिए कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) पर कार्यशाला आयोजित की गई। इसमें 16 राज्यों के पत्रकार ऑनलाइन जुड़े, जबकि दिल्ली के पत्रकारों ने प्रत्यक्ष रूप से हिस्सा लिया। कार्यशाला में पत्रकारिता में एआई के बढ़ते उपयोग, इसकी संभावनाओं, उपयोगी साधनों, चुनौतियों और इसके जिम्मेदार इस्तेमाल से जुड़ी सावधानियों पर चर्चा हुई।
 
मुख्य अतिथि प्रोफेसर डॉ. के.जी. सुरेश ने कहा कि एआई पत्रकारों के लिए समाचारों की जानकारी जुटाने, सामग्री तैयार करने, आंकड़ों के विश्लेषण, अनुवाद और अन्य मीडिया कार्यों में उपयोगी तकनीकी साधन साबित हो सकता है। हालांकि, इसके इस्तेमाल में सावधानी और मानवीय निगरानी जरूरी है। उन्होंने एआई से तैयार सामग्री को बिना सत्यापन के प्रकाशित करने के जोखिमों के प्रति भी पत्रकारों को सचेत किया।
 
एआई विशेषज्ञ तीर्थंकर सरकार और अविनाश सिंह ने पत्रकारों को विभिन्न एआई आधारित साधनों के व्यावहारिक उपयोग की जानकारी दी। प्रशिक्षण के दौरान समाचार संकलन, शोध, लेखन, संपादन, तथ्य-जांच, सामग्री निर्माण और डिजिटल पत्रकारिता में एआई के जिम्मेदार इस्तेमाल के तरीके बताए गए।
 
कार्यशाला में इस बात पर जोर दिया गया कि एआई पत्रकार का विकल्प नहीं है, बल्कि पत्रकारिता को अधिक प्रभावी बनाने वाला तकनीकी साधन है। वक्ताओं ने कहा कि तकनीक के इस्तेमाल के साथ पत्रकारिता के मूल सिद्धांतों, तथ्य-जांच, विश्वसनीयता और मानवीय संपादन को बनाए रखना जरूरी है।
 
कार्यक्रम में डब्ल्यूजेआई के राष्ट्रीय अध्यक्ष संजय उपाध्याय, वरिष्ठ उपाध्यक्ष संजय सक्सेना, दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष संदीप शर्मा, महासचिव देवेंद्र पवार, उपाध्यक्ष ईश मल्लिक, धर्मेंद्र भदौरिया, दिल्ली प्रदेश उपाध्यक्ष स्वतंत्र सिंह भुल्लर, प्रदेश मंत्री महेश ढौंढियाल और दीप शर्मा, जितेंद्र दिवाकर, संजीव चौहान सहित अन्य पदाधिकारी एवं पत्रकार मौजूद रहे। कार्यशाला का आयोजन राष्ट्रीय महासचिव नरेंद्र भंडारी के मार्गदर्शन में वरिष्ठ उपाध्यक्ष संजय सक्सेना ने किया।
 
 

About The Author

Post Comments

Comments

संबंधित खबरें