उमेश पाल हत्याकांड: अतीक अहमद के शूटर अरमान को 14 दिन की न्यायिक हिरासत, नैनी जेल भेजा गया,
उमेश पाल हत्याकांड में लंबे समय से फरार चल रहे पांच लाख रुपये के इनामी आरोपी और माफिया अतीक अहमद के शूटर अरमान बिहारी को सोमवार को कड़ी सुरक्षा के बीच प्रयागराज की विशेष एससी-एसटी अदालत में पेश किया गया।
स्वतंत्र प्रभात।
ब्यूरो प्रयागराज
उमेश पाल हत्याकांड में लंबे समय से फरार चल रहे पांच लाख रुपये के इनामी आरोपी और माफिया अतीक अहमद के शूटर अरमान बिहारी को सोमवार को कड़ी सुरक्षा के बीच प्रयागराज की विशेष एससी-एसटी अदालत में पेश किया गया। अदालत ने उसे 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेजने का आदेश दिया। पुलिस के मुताबिक, अरमान को बिहार की गया केंद्रीय जेल से ट्रांजिट रिमांड पर प्रयागराज लाया गया था।
तीन साल से था फरार
अरमान बिहार के गया का रहने वाला है। पुलिस के अनुसार, 24 फरवरी 2023 को प्रयागराज के सुलेमसराय में अधिवक्ता उमेश पाल और उनके दो सरकारी गनरों की हत्या के मामले में उसका नाम सामने आया था। पुलिस का आरोप है कि घटना के दौरान अरमान बाइक पर था और उसी बाइक पर गुड्डू मुस्लिम भी सवार था। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर पुलिस ने उसकी पहचान की थी और बाद में उस पर 5 लाख रुपये का इनाम घोषित किया गया।
गया जेल में बंद होने की मिली जानकारी
उमेश पाल हत्याकांड के बाद अरमान बिहार के गया लौट गया था। वहां एक अलग मामले में उसने अदालत में आत्मसमर्पण किया था और 27 फरवरी 2023 से गया केंद्रीय जेल में बंद था। प्रयागराज पुलिस को हाल ही में उसके गया जेल में होने की जानकारी मिली। इसके बाद पुलिस ने ट्रांजिट रिमांड की प्रक्रिया पूरी कर उसे प्रयागराज लाया।
अब पुलिस रिमांड की तैयारी
प्रयागराज लाए जाने के बाद पुलिस ने उसे सोमवार शाम अदालत में पेश किया। कोर्ट से 14 दिन की न्यायिक हिरासत मिलने के बाद उसे जेल भेज दिया गया। पुलिस अब उमेश पाल हत्याकांड से जुड़े मामलों में पूछताछ के लिए कस्टडी रिमांड की मांग कर सकती है। पुलिस का उद्देश्य मामले से जुड़े तथ्यों और अन्य आरोपियों के संबंध में जानकारी जुटाना बताया जा रहा है।
पेशी के दौरान कड़ी सुरक्षा
अरमान की पेशी को देखते हुए जिला न्यायालय परिसर में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए। पुलिस और अन्य सुरक्षा बलों की तैनाती के बीच उसे कोर्ट में पेश किया गया। सुरक्षा कारणों से उसे भारी सुरक्षा घेरे में अदालत तक लाया गया।
#UPPolice #LawAndOrder #PoliceInvestigation #CrimeNews #SwatantraPrabhat #UttarPradeshNews #PrayagrajNews #PrayagrajCrime #CrimeUpdate #CourtHearing #JudicialCustody #AtiqGang #UmeshPalCase #ArmanShooter #TransitRemand #UmeshPalMurderCase #ArmanBihari #AtiqAhmedGang #FiveLakhReward #PoliceCustody #SCSTCourt #GayaCentralJail #GudduMuslim #Sulemsarai #PrayagrajCourt


Comments