वाहन चोरी गिरोह का पर्दाफाश, दो आरोपी गिरफ्तार

वाहन चोरी की लगातार बढ़ रही घटनाओं पर कार्रवाई करते हुए सितारगंज पुलिस ने वाहन चोर गिरोह का पर्दाफाश किया है।

Abhinav Shukla Picture
Published On

सितारगंज,  वाहन चोरी की लगातार बढ़ रही घटनाओं पर कार्रवाई करते हुए सितारगंज पुलिस ने वाहन चोर गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने गिरोह के दो आरोपियों को गिरफ्तार कर उनकी निशानदेही पर चोरी की सात मोटरसाइकिलें बरामद की हैं। पुलिस के अनुसार आरोपी सितारगंज, बरा और किच्छा क्षेत्र से मोटरसाइकिलें चोरी करने के बाद उन्हें सुनसान स्थानों पर छिपाकर रखते थे। इसके बाद मौका मिलने पर चोरी की बाइकों को कम कीमत में बेचने की फिराक में रहते थे।
 
एसएसआई जावेद मलिक ने बताया कि पांच अक्तूबर को निर्मलनगर निवासी सत्यजीत मंडल की मोटरसाइकिल नगर के एक नर्सिंग होम के सामने से चोरी हो गई थी। इसी तरह 30 सितंबर को वार्ड नंबर छह निवासी मनोज कुमार की मोटरसाइकिल बैंक के बाहर से चोरी हुई थी। तीन अक्तूबर को अमरिया, पीलीभीत निवासी अनिकेत की मोटरसाइकिल चौधरी मार्केट से चोरी कर ली गई थी। मोटरसाइकिल चोरी की इन घटनाओं के संबंध में पुलिस ने संबंधित धाराओं में मुकदमे दर्ज कर जांच शुरू की थी।
 
घटनाओं के खुलासे के लिए पुलिस टीम ने आसपास के क्षेत्रों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने के साथ ही संदिग्धों की गतिविधियों पर नजर रखनी शुरू की। इसी दौरान पुलिस को वाहन चोरी में शामिल आरोपियों के संबंध में महत्वपूर्ण सुराग मिले। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने सूखी नदी पुल के पास घेराबंदी कर दो संदिग्धों को चोरी की मोटरसाइकिल के साथ पकड़ लिया।
 
पुलिस के अनुसार पूछताछ में आरोपियों ने वाहन चोरी की घटनाओं में शामिल होने की बात स्वीकार की। उनकी निशानदेही पर पुलिस टीम शक्तिफार्म स्थित वन शक्ति मंदिर के पास पहुंची, जहां झाड़ियों में छिपाकर रखी गई छह अन्य मोटरसाइकिलें बरामद की गईं। इस तरह पुलिस ने आरोपियों के कब्जे और निशानदेही से कुल सात चोरी की मोटरसाइकिलें बरामद कीं। बरामद वाहनों के संबंध में पुलिस अब उनके मालिकों और चोरी की घटनाओं से जुड़े अन्य तथ्यों की जांच कर रही है।
 
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान रोहित ढाली निवासी निर्मलनगर, शक्तिफार्म और इंद्रजीत बढ़ई निवासी ग्राम राजनगर, शक्तिफार्म के रूप में हुई है। पुलिस दोनों आरोपियों से पूछताछ कर यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि वाहन चोरी की इन घटनाओं में उनके साथ कोई अन्य व्यक्ति भी शामिल था या नहीं। साथ ही चोरी की मोटरसाइकिलों को बेचने के लिए बनाए गए नेटवर्क की भी जानकारी जुटाई जा रही है।
पुलिस का कहना है कि वाहन चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए क्षेत्र में संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की जांच तेज की जा रही है। पुलिस टीम की कार्रवाई में कोतवाल सुंदरम शर्मा, एसएसआई जावेद मलिक, चौकी प्रभारी जगदीश तिवारी, जगत शाही, एसआई प्रेम सिंह समेत पुलिसकर्मी शामिल रहे।

About The Author

Post Comments

Comments

संबंधित खबरें