अवैध चाकू के साथ युवक गिरफ्तार, अधिनियम में मुकदमा

अवैध हथियारों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत सितारगंज पुलिस ने शक्तिफार्म क्षेत्र में एक युवक को अवैध चाकू के साथ गिरफ्तार किया है।

Abhinav Shukla Picture
Published On

सितारगंज। अवैध हथियारों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत सितारगंज पुलिस ने शक्तिफार्म क्षेत्र में एक युवक को अवैध चाकू के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आयुध अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर आवश्यक वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
 
पुलिस के अनुसार, दो अक्तूबर 2026 को कोतवाली सितारगंज की पुलिस टीम शक्तिफार्म क्षेत्र में शांति व्यवस्था ड्यूटी पर तैनात थी। इसी दौरान पुलिस टीम कर्मयोग कुशमौड़ा तिराहे से सिरसा रोड की ओर वनशक्ति मंदिर जाने वाली सड़क के पास पहुंची। यहां पुलिस को एक युवक पैदल आता दिखाई दिया। पुलिस टीम को देखकर युवक अचानक सकपका गया और मौके से भागने का प्रयास करने लगा।
 
पुलिस कर्मियों ने पीछा कर आवश्यक बल का प्रयोग करते हुए युवक को मौके पर ही पकड़ लिया। इसके बाद उसकी तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान युवक की लोअर की दाहिनी जेब से एक धारदार अवैध चाकू बरामद हुआ। पुलिस ने चाकू को कब्जे में लेकर युवक से पूछताछ की।
 
पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम भवतोष वर्मन पुत्र खोकन वर्मन, उम्र 30 वर्ष, निवासी बैकुण्ठपुर नंबर-01, शक्तिफार्म, थाना सितारगंज बताया। पुलिस के अनुसार पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह छोटी-मोटी चोरियां करता है और अपनी सुरक्षा के लिए चाकू अपने पास रखता था।
 
अवैध हथियार बरामद होने के बाद पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मु0अ0सं0 484/2026, धारा 25(1-B)(b) आयुध अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस ने बताया कि मामले में आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
 
पुलिस अधिकारियों के अनुसार क्षेत्र में संदिग्ध व्यक्तियों की निगरानी के साथ ही अवैध हथियार रखने और उनका इस्तेमाल करने वालों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।
 
कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम में प्रभारी निरीक्षक सुंदरम शर्मा, उपनिरीक्षक जगदीश तिवारी, हेड कांस्टेबल नवनीत कुमार और हेड कांस्टेबल कुंदन रावत शामिल रहे।

About The Author

Post Comments

Comments

संबंधित खबरें