सिसौना स्कूल में शुरू हुई इंटर की पढ़ाई

कैबिनेट मंत्री सौरभ बहुगुणा ने किया कक्षाओं का शुभारंभ

Abhinav Shukla Picture
Published On

सितारगंज। सिसौना और आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के छात्र-छात्राओं के लिए लंबे समय से चली आ रही इंटरमीडिएट कक्षाओं के संचालन की मांग आखिरकार पूरी हो गई। बृहस्पतिवार को कैबिनेट मंत्री सौरभ बहुगुणा ने राजकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय सिसौना में इंटरमीडिएट कक्षाओं का विधिवत शुभारंभ किया। विद्यालय के उच्चीकरण के बाद अब क्षेत्र के विद्यार्थियों को इंटरमीडिएट की पढ़ाई के लिए करीब 12 किलोमीटर दूर स्थित विद्यालयों का रुख नहीं करना पड़ेगा। गांव के नजदीक ही कक्षा 11 और 12 की पढ़ाई की सुविधा मिलने से विद्यार्थियों के साथ अभिभावकों को भी राहत मिलेगी।
 
विद्यालय परिसर में आयोजित कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री सौरभ बहुगुणा का छात्र-छात्राओं और ग्रामीणों ने स्वागत किया। इंटरमीडिएट कक्षाओं के शुभारंभ को लेकर विद्यार्थियों और अभिभावकों में खासा उत्साह दिखाई दिया। ग्रामीणों ने विद्यालय के उच्चीकरण को क्षेत्र की शिक्षा व्यवस्था के लिए महत्वपूर्ण कदम बताया। उनका कहना था कि माध्यमिक स्तर की पढ़ाई पूरी करने के बाद बच्चों को दूर स्थित विद्यालयों में भेजना अभिभावकों के लिए आर्थिक और सुरक्षा की दृष्टि से चुनौतीपूर्ण रहता था।
 
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कैबिनेट मंत्री सौरभ बहुगुणा ने कहा कि सरकार ग्रामीण क्षेत्रों में शिक्षा की सुविधाओं को मजबूत करने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। विद्यार्थियों को उनके घर के आसपास ही बेहतर शिक्षा का अवसर मिले, इसके लिए विद्यालयों में आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने पर जोर दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि सुविधाओं के अभाव में गांव के किसी भी बच्चे की पढ़ाई बाधित न हो, इसके लिए सरकार लगातार कार्य कर रही है।
 
मंत्री ने विद्यालय को इंटरमीडिएट स्तर तक उच्चीकृत किए जाने के लिए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत का आभार जताया। उन्होंने कहा कि अब क्षेत्र के विद्यार्थियों को इंटरमीडिएट की पढ़ाई के लिए लंबी दूरी तय नहीं करनी पड़ेगी। इससे विद्यार्थियों का समय बचेगा और अभिभावकों के आने-जाने के खर्च में भी कमी आएगी। उन्होंने छात्र-छात्राओं से सरकार की ओर से उपलब्ध कराई जा रही शैक्षिक सुविधाओं और विभिन्न योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाने का आह्वान किया।
बताते चलें कि राजकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय सिसौना को इंटरमीडिएट स्तर तक उच्चीकृत करने की मांग लंबे समय से उठाई जा रही थी। क्षेत्र के ग्रामीणों और अभिभावकों की ओर से विद्यालय में 11वीं और 12वीं की कक्षाएं शुरू किए जाने की मांग लगातार की जाती रही। शासन से विद्यालय के उच्चीकरण को स्वीकृति मिलने के बाद अब इंटरमीडिएट की कक्षाओं का विधिवत संचालन शुरू कर दिया गया है।
विद्यालय में इंटरमीडिएट कक्षाएं शुरू होने से सिसौना के साथ ही मगरसड़ा, भरौनी, कल्याणपुर, नकुलिया, रसोईयापुर, बमनपुरी, झाड़ी गांव समेत आसपास के करीब 15 से 20 गांवों के छात्र-छात्राओं को सीधा लाभ मिलेगा। इन गांवों के विद्यार्थियों को इंटरमीडिएट की पढ़ाई के लिए पहले लंबी दूरी तय करनी पड़ती थी। स्थानीय स्तर पर ही कक्षा 11 और 12 की पढ़ाई की सुविधा मिलने से विद्यार्थियों का समय और आवागमन का खर्च बचेगा। साथ ही अभिभावकों को बच्चों की रोजाना आवाजाही को लेकर भी राहत मिलेगी।
 कार्यक्रम में ग्राम प्रधान मिथलेश देवी, उदय राणा, अजय कठायत, रेशम सिंह सहित क्षेत्र के जनप्रतिनिधि, शिक्षक, अभिभावक और सैकड़ों छात्र-छात्राएं मौजूद रहे। कक्षाओं के शुभारंभ पर विद्यार्थियों और ग्रामीणों ने खुशी जताते हुए इसे क्षेत्र के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया।
 
 
 

About The Author

Post Comments

Comments

संबंधित खबरें