अब शव रखने की नहीं होगी परेशानी, अंत्येष्टि स्थल को मिला दूसरा फ्रीजर
अब शव रखने की नहीं होगी परेशानी, अंत्येष्टि स्थल को मिला दूसरा फ्रीजर
तिलहर-शाहजहांपुर। तिलहर में अंतिम समय की एक बड़ी जरूरत को पूरा करने की दिशा में पहल हुई है। क्षेत्रीय विधायक सलोना कुशवाहा ने विधायक निधि से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र और दोदराजपुर स्थित अंत्येष्टि स्थल के लिए एक-एक शव फ्रीजर उपलब्ध कराया है। बुधवार सुबह करीब 10 बजे दोनों फ्रीजर संबंधित स्थानों पर पहुंचाए गए।
दोदराजपुर अंत्येष्टि स्थल पर पहले से ही शनि मंदिर कमेटी की ओर से एक शव फ्रीजर उपलब्ध कराया जा चुका है। अब विधायक निधि से दूसरा फ्रीजर मिलने के बाद अंत्येष्टि स्थल पर दो शव फ्रीजर की सुविधा हो गई है। इससे एक साथ अधिक शव होने या दूर रहने वाले स्वजन के आने में समय लगने की स्थिति में परिजनों को बड़ी राहत मिलेगी।
वहीं सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में फ्रीजर की सुविधा मिलने से अस्पताल में मृत्यु होने के बाद शव को सुरक्षित रखने में सहूलियत होगी। कई बार सूचना मिलने के बाद परिजनों और रिश्तेदारों को दूसरे शहरों या दूरदराज के क्षेत्रों से पहुंचने में समय लग जाता है। ऐसी परिस्थितियों में शव को सुरक्षित रखना परिजनों के लिए बड़ी चिंता बन जाता है। फ्रीजर की सुविधा इस समस्या को काफी हद तक कम करेगी।
स्थानीय लोगों के अनुसार, शवों को सुरक्षित रखने की व्यवस्था की जरूरत लंबे समय से महसूस की जा रही थी। अब अंत्येष्टि स्थल पर पहले से उपलब्ध फ्रीजर के साथ दूसरा फ्रीजर मिलने और सीएचसी में नई सुविधा शुरू होने से लोगों को महत्वपूर्ण जनसुविधा मिली है। विधायक की इस पहल की लोगों ने सराहना की। इस दौरान सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र का स्टाफ, व्यापार मंडल के नगर अध्यक्ष सौरभ गुप्ता, रवि समेत अन्य लोग मौजूद रहे।
#UPNews #LocalNews #SwatantraPrabhat #UttarPradeshNews #CommunityHealthCentre #PublicService #HealthServices #Shahjahanpur #तिलहर #शाहजहांपुर #TilharNews #ShahjahanpurNews #Tilhar #BodyFreezer #MortuaryFreezer #CHC #AntyeshtiSthal #FuneralGround #PublicFacility #MLAFund #SalonaKushwaha #HealthcareFacility #शवफ्रीजर #जनसुविधा #अंत्येष्टिस्थल


Comments