मानव-वन्यजीव संघर्ष को लेकर वन विभाग अलर्ट, संवेदनशील क्षेत्रों में 24 घंटे निगरानी

मानव-वन्यजीव संघर्ष को लेकर वन विभाग अलर्ट, संवेदनशील क्षेत्रों में 24 घंटे निगरानी

Swatantra Prabhat UP Picture
Published On

स्वतंत्र प्रभात संवाददाता 

बलरामपुर।

सोहेलवा वन्यजीव प्रभाग में मानव-वन्यजीव संघर्ष की घटनाओं पर अंकुश लगाने और ग्रामीणों की सुरक्षा को लेकर वन विभाग ने सतर्कता बढ़ा दी है। संवेदनशील क्षेत्रों में वन विभाग की टीमें लगातार गश्त कर रही हैं। ग्रामीणों को लाउडस्पीकर, पंपलेट और ब्रोशर के माध्यम से वन्यजीवों से बचाव के उपायों की जानकारी दी जा रही है। वहीं संदिग्ध वन्यजीवों की गतिविधियों पर नजर रखने के लिए संवेदनशील स्थानों पर कैमरा ट्रैप लगाए गए हैं।

रामपुर रेंज के अंतर्गत खदगौरा गांव में 24 अगस्त को थाना कोतवाली गैसड़ी क्षेत्र निवासी विजयपाल एवं कन्हैयालाल पुत्रगण बनवारी लाल की 83 भेड़ों पर वन्यजीव द्वारा हमला किए जाने की सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का स्थलीय निरीक्षण किया। अधिकारियों के मुताबिक मौके पर मिले पगमार्ग की जांच में तेंदुए के बजाय लकड़बग्घे के पगमार्ग की पुष्टि हुई।
घटना के बाद वन विभाग ने एहतियात के तौर पर क्षेत्र में 24 घंटे सतत निगरानी और ग्रामीणों को जागरूक करने के लिए विशेष टीम गठित की है। टीम द्वारा घटनास्थल सहित आसपास के इलाकों में लगातार गश्त की जा रही है। ग्रामीणों को पंपलेट एवं ब्रोशर वितरित कर वन्यजीव दिखाई देने पर बरती जाने वाली सावधानियों तथा क्या करें और क्या न करें की जानकारी दी जा रही है।

वन विभाग ने घटनास्थल एवं आसपास के संवेदनशील स्थानों पर कैमरा ट्रैप स्थापित किए हैं। इसके साथ ही आवश्यक अनुमति की प्रत्याशा में क्षेत्र में पिंजड़ा लगाकर भी निगरानी की जा रही है। विभागीय टीमें वन्यजीवों की गतिविधियों पर लगातार नजर रख रही हैं और किसी भी सूचना पर तत्काल कार्रवाई की जा रही है।


पशुपालकों को मिलेगा नियमानुसार मुआवजा



वन्यजीव के हमले में पशुहानि से प्रभावित पशुपालकों को नियमानुसार सहायता उपलब्ध कराने के लिए भी विभाग ने कार्रवाई शुरू कर दी है। शासनादेश के तहत अनुमन्य अनुग्रह राशि के भुगतान के लिए प्रस्ताव सक्षम स्तर को भेज दिया गया है। बजट प्राप्त होते ही नियमानुसार प्रभावित पशुपालकों को भुगतान किए जाने की कार्रवाई की जाएगी।

वन विभाग ने ग्रामीणों से अपील की है कि वन्यजीवों को लेकर किसी तरह की अफवाह पर ध्यान न दें और अनावश्यक भयभीत न हों। वन क्षेत्र में अनावश्यक प्रवेश करने से बचें तथा वन्यजीव दिखाई देने या उसकी गतिविधि की जानकारी मिलने पर तत्काल वन विभाग को सूचना दें।


About The Author

Post Comments

Comments

संबंधित खबरें

नवीनतम समाचार