भारत
सड़क हादसे में बाइक सवार की मौत
अज्ञात चार पहिया चालक पर मुकदमा दर्ज
सुरियावां (भदोही): थाना क्षेत्र के विहियापुर गांव के पास मंगलवार रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार 40 वर्षीय व्यक्ति की मौत हो गई। तेज रफ्तार चार पहिया वाहन ने बाइक को टक्कर मार दी, जिससे यह हादसा हुआ। पुलिस ने शिकायत के आधार पर संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, पट्टी बेजाव निवासी भोलू प्रसाद (40 वर्ष) पुत्र चन्द्रबली मंगलवार रात करीब 8:15 बजे अपनी बाइक (UP62CK6862) से जानपुर रोड स्टेशन की ओर जा रहे थे। जैसे ही वह विहियापुर गांव के पास पहुंचे, तभी छनौरा की तरफ से आ रही एक तेज रफ्तार चार पहिया गाड़ी (UP70EW8686) के चालक ने लापरवाही से चलाते हुए उनकी बाइक में सीधी टक्कर मार दी।
दुर्घटना के बाद पीछे दूसरी बाइक से आ रहे मृतक के पिता चन्द्रबली व छोटे भाई नीरज मौके पर पहुंचे, लेकिन आरोपी चालक अपनी गाड़ी छोड़कर मौके से फरार हो गया। परिजनों द्वारा आनन-फानन में भोलू प्रसाद को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) सुरियावां ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
घटना के संबंध में मृतक के पिता चन्द्रबली की लिखित तहरीर पर सुरियावां पुलिस ने एफआईआर संख्या 0287/2026 दर्ज की है। पुलिस ने आरोपी वाहन चालक के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 106(1) और 281 के तहत मुकदमा पंजीकृत किया है। मामले की जांच उपनिरीक्षक मो. शकील खान को सौंपी गई है।


Comments