भारत
पैगंबर मोहम्मद के जन्मदिन पर निकला भव्य जुलूस, गूंजा अमन और मोहब्बत का संदेश
बीजपुर, राजो और खम्हरिया में हर्षोल्लास के साथ मनाया गया ईद मिलादुन्नबी का पर्व
संतोष कुमार गुप्ता ( संवाददाता)
बीजपुर/सोनभद्र-
बुधवार को थाना क्षेत्र के बीजपुर, राजो और खम्हरिया में जश्ने ईद मिलादुन्नबी का पर्व धार्मिक उत्साह और आपसी भाईचारे के साथ मनाया गया। पैगंबर हजरत मोहम्मद साहब की विलादत की याद में मुस्लिम समुदाय के लोगों ने भव्य जुलूस निकाला। जुलूस में बुजुर्गों से लेकर युवाओं और बच्चों तक ने बढ़-चढ़कर भाग लिया।
जुलूस के दौरान जगह-जगह लोगों का स्वागत किया गया तथा स्टॉल लगाकर मिठाइयां वितरित की गईं। पूरे मार्ग में धार्मिक नारों और अमन, शांति व भाईचारे के संदेश से वातावरण उत्साहपूर्ण बना रहा।
गुलशने रजा कमेटी ने दिया इंसानियत और भाईचारे का संदेश
गुलशने रजा कमेटी के प्रबंधक नेसार खान ने ईद मिलादुन्नबी की मुबारकबाद देते हुए कहा कि यह दिन केवल खुशी मनाने का अवसर नहीं, बल्कि पैगंबर हजरत मोहम्मद मुस्तफा के बताए इंसानियत, अमन, इंसाफ और मोहब्बत के रास्ते पर चलने की प्रेरणा देता है। उन्होंने कहा कि समाज में आपसी भाईचारा और सौहार्द बनाए रखना सभी की जिम्मेदारी है।
नूरिया मोहल्ले से निकला जुलूस, जामा मस्जिद पर हुआ समापन
बीजपुर में जुलूस नूरिया मोहल्ला से प्रारंभ होकर श्रीराम चौक, थाना रोड, मोटर गैरेज और स्वागत गेट होते हुए जामा मस्जिद, शांति नगर पहुंचा, जहां जुलूस का समापन किया गया। जुलूस के दौरान पुलिस प्रशासन भी पूरी तरह सतर्क रहा और सुरक्षा व्यवस्था के लिए पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई।
इस अवसर पर हाजी खलील सदर, सदर नाइस मास्टर, गयासुद्दीन, इजाजत शेख, मजीब, मंसूर, उस्मान खां, कलाम खां, जफर खान, मुजम्मिल, नसीम अख्तर, कोषाध्यक्ष एवं ग्राम प्रधान प्रतिनिधि विश्राम सागर गुप्ता, सोहराब अहमद, अब्दुल हामिद अंसारी, बेताब खान, मसूक खान, अफजल खान सहित बड़ी संख्या में मुस्लिम समुदाय के लोग मौजूद रहे।पर्व के दौरान क्षेत्र में शांति, सौहार्द और आपसी भाईचारे का माहौल बना रहा।


Comments