सुल्तानपुर में पुलिस और नशे के सौदागरों के बीच मुठभेड़, 5 तस्कर गिरफ्तार; 5 करोड़ की मॉर्फिन बरामद

सुल्तानपुर। जनपद के अखंडनगर थाना क्षेत्र में पुलिस को मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। शुक्रवार तड़के पुलिस और शातिर तस्करों के बीच हुई मुठभेड़ में दो अभियुक्त गोली लगने से घायल हो गए,

Swatantra Prabhat UP Picture
Published On

राज्य ब्यूरो - विपिन शुक्ला 
 
जबकि उनके तीन अन्य साथियों को घेराबंदी कर गिरफ्तार कर लिया गया। तस्करों के कब्जे से अंतरराष्ट्रीय बाजार में लगभग 5 करोड़ रुपये कीमत की 1.8 किलोग्राम अवैध मॉर्फिन, अवैध असलहे, कारतूस और तस्करी में इस्तेमाल होने वाली दो कारें (बलेनो और वरना) बरामद की गई हैं।
 
*मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने की घेराबंदी*
 
कादीपुर के क्षेत्राधिकारी (CO) विनय कुमार ने बताया कि अखंडनगर पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि ड्रग्स तस्करों का एक गिरोह भारी मात्रा में माल की डिलीवरी करने के लिए निकलने वाला है। इस इनपुट पर त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम ने सहजनपुर अंडरपास के पास सुबह करीब 4:30 बजे सघन चेकिंग और घेराबंदी शुरू की। इसी दौरान दो संदिग्ध कारें (बलेनो और वरना) आती दिखाई दीं।
 
*आत्मरक्षार्थ पुलिस ने चलाई गोली*
क्षेत्राधिकारी के अनुसार, जब पुलिस टीम ने कारों को रोककर पूछताछ का प्रयास किया, तो तस्करों ने खुद को घिरा देख पुलिस पर जान से मारने की नीयत से सीधे फायरिंग शुरू कर दी। अचानक हुए इस हमले पर पुलिस टीम ने संयम बरतते हुए आत्मरक्षार्थ जवाबी फायरिंग की। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में दो बदमाश के पैर में गोली लगने से घायल हो गए, जिनकी पहचान खुर्शीद आलम (निवासी जैतपुर, जनपद बलरामपुर) और प्रशांत सिंह (थाना बल्दीराय, जनपद सुल्तानपुर) के रूप में हुई है।

 

 
 
*ओडिशा से जुड़े हैं तस्करी के तार*
 
मौके से पुलिस ने उनके तीन अन्य साथियों रोहित तिवारी, अंकुर प्रजापति और रामबाबू को भी दबोच लिया। तलाशी के दौरान दोनों गाड़ियों से 1 किलो 800 ग्राम अवैध मादक पाउडर (मॉर्फिन) बरामद हुआ। पूछताछ में आरोपियों ने कुबूल किया कि वे इस खेप को ओडिशा से तस्करी कर लाए थे और उत्तर प्रदेश के विभिन्न जनपदों में गुप्त रास्तों से सप्लाई करने जा रहे थे।
 
 
*विधिक कार्रवाई जारी, घायलों का इलाज अस्पताल में*
 
मुठभेड़ में घायल दोनों बदमाशों को पुलिस ने तुरंत इलाज के लिए अखंडनगर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) में भर्ती कराया है, जहां उनका उपचार चल रहा है। क्षेत्राधिकारी विनय कुमार ने बताया कि तहरीर के आधार पर सुसंगत धाराओं में अभियोग पंजीकृत किया जा रहा है। पुलिस इस रैकेट के पूरे नेटवर्क और स्थानीय संपर्कों को खंगालने के लिए आगे की विधिक कार्रवाई कर रही है।
 
1001298166

About The Author

Post Comments

Comments

संबंधित खबरें