मऊ मिनी स्टेडियम में धूमधाम से मनाया गया 80वां स्वतंत्रता दिवस

.......नन्हे-मुन्ने बच्चों की देशभक्ति प्रस्तुतियों ने मोहा मन, शिवाय सेवा समिति ने शैक्षिक सामग्री देकर बढ़ाया उत्साह

Swatantra Prabhat UP Picture
Published On

मोहनलालगंज, लखनऊ। मऊ स्थित मिनी स्टेडियम में शनिवार को शिवाय सेवा समिति के तत्वावधान में 80वां स्वतंत्रता दिवस हर्षोल्लास और देशभक्ति के माहौल में मनाया गया। कार्यक्रम की शुरुआत समिति के अध्यक्ष एवं अध्यापक आशीष चतुर्वेदी ने ध्वजारोहण कर की। इसके बाद उपस्थित लोगों ने सामूहिक रूप से राष्ट्रगान गाया। राष्ट्रगान की गूंज से पूरा परिसर देशभक्ति के रंग में सराबोर हो गया।
 
ध्वजारोहण के बाद समिति अध्यक्ष आशीष चतुर्वेदी ने दीप प्रज्ज्वलित कर मां भारती के चरणों में पुष्प अर्पित किए। इस दौरान उपस्थित लोगों ने देश की आजादी के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर करने वाले अमर शहीदों और महापुरुषों को नमन करते हुए उनके त्याग और बलिदान को याद किया।
 
समारोह का मुख्य आकर्षण मऊ प्राथमिक विद्यालय के नन्हे-मुन्ने बच्चों की सांस्कृतिक प्रस्तुतियां रहीं। बच्चों ने देशभक्ति गीतों, लोकगीतों और सांस्कृतिक नृत्यों की मनमोहक प्रस्तुतियां देकर खूब तालियां बटोरीं। बच्चों की प्रस्तुतियों ने कार्यक्रम में चार चांद लगा दिए और पूरा वातावरण देशभक्ति के रंग में रंग गया।
 
बच्चों को दी शैक्षिक सामग्री
 
शिवाय सेवा समिति की ओर से बच्चों का उत्साहवर्धन करते हुए उन्हें पेन, पेंसिल समेत अन्य शैक्षिक सामग्री प्रदान की गई। समिति के इस प्रयास की उपस्थित लोगों ने सराहना की। कार्यक्रम के समापन पर सभी को मिष्ठान वितरित किया गया।
 
समिति अध्यक्ष आशीष चतुर्वेदी ने कहा कि शिवाय सेवा समिति का उद्देश्य जन-जन तक राष्ट्रप्रेम और देशभक्ति का संदेश पहुंचाना है। युवा पीढ़ी को अमर शहीदों और महापुरुषों के कृतित्व एवं व्यक्तित्व से परिचित कराना तथा उनके त्याग और तपस्या से प्रेरणा दिलाना समिति की प्राथमिकता है। राष्ट्रप्रेम की भावना को मजबूत करने के लिए समिति आगे भी ऐसे आयोजन करती रहेगी।
 
इस अवसर पर समिति के सचिव रंजीत यादव, उपाध्यक्ष अखिलेश शुक्ला, मीडिया प्रभारी विनीत कुमार, महामंत्री संदीप सैनी, सुशील कुमार, अनुज गुप्ता, आयुष वैश्य, हरिकेश वर्मा, जगदीश सिंह, पंकज गुप्ता, अनुज पांडेय, पांशुल तिवारी, संजय कुमार सोनी, हर्ष, उत्कर्ष समेत समिति के अन्य सदस्य और स्थानीय लोग मौजूद रहे।

About The Author

Post Comments

Comments

संबंधित खबरें