नवीनतम
भारत
टोल प्लाजा के आसपास की दुकानों पर कार्रवाई की आशंका, परिवारों की आजीविका पर मंडराया संकट
लालगंज मीरजापुर।
संवाददाता बाल योगी उर्फ सत्यम त्रिपाठी
मीरजापुर। लालगंज अतरैला टोल प्लाजा के आसपास वर्षों से संचालित छोटी-छोटी दुकानों पर राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) द्वारा जारी नोटिस के बाद दुकानदारों और उनके परिवारों में चिंता बढ़ गई है। स्थानीय लोगों का कहना है कि सरकार के इस कदम से कई परिवार बेरोजगार हो सकते हैं, जबकि इन दुकानों से किसी प्रकार की यातायात बाधा या अन्य समस्या उत्पन्न नहीं हो रही है।
दुकानदारों का कहना है कि उनकी आजीविका का एकमात्र साधन यही दुकानें हैं। इनसे होने वाली आय से परिवार का भरण-पोषण, बच्चों की पढ़ाई और दैनिक खर्च पूरे होते हैं। यदि दुकानों को हटाया जाता है तो अनेक परिवारों के सामने आर्थिक संकट खड़ा हो जाएगा।
लंबी दूरी के वाहन चालकों ने भी इन दुकानों को यात्रियों और ड्राइवरों के लिए उपयोगी बताया। चालकों का कहना है कि सफर के दौरान यहां चाय-नाश्ता, भोजन और आराम की सुविधा उपलब्ध रहती है। रात के समय भी यह स्थान सुरक्षित पड़ाव के रूप में कार्य करता है, जहां कुछ देर विश्राम कर आगे की यात्रा की जा सकती है।
यात्रियों का कहना है कि इन दुकानों की मौजूदगी से मार्ग पर रौनक बनी रहती है और सुरक्षा का एहसास होता है। उनका मानना है कि दुकानों के कारण यात्रा अधिक सुविधाजनक और निडर होकर की जा सकती है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन और संबंधित विभाग से दुकानदारों के हितों को ध्यान में रखते हुए मानवीय दृष्टिकोण अपनाने तथा उनकी आजीविका बचाने की मांग की है।
क्षेत्र में फिलहाल NHAI की नोटिस चर्चा का विषय बनी हुई है और प्रभावित परिवारों को अपने भविष्य की चिंता सता रही है।


Comments