पंजाब जाने से पहले काल बनकर आई डीसीएम
हाईवे पर युवक की मौत, चाचा जिंदगी से जूझ रहे
तिलहर, शाहजहांपुर। लखनऊ-दिल्ली राष्ट्रीय राजमार्ग पर शनिवार सुबह एक भीषण सड़क हादसे में पंजाब जा रहे बाइक सवार युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसके चाचा गंभीर रूप से घायल हो गए। तेज रफ्तार डीसीएम की टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक के परखच्चे उड़ गए और युवक ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया। हादसे के बाद हाईवे पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घायल को अस्पताल भिजवाया और दुर्घटनाग्रस्त डीसीएम को कब्जे में लेकर चालक को हिरासत में ले लिया।
हरदोई जिले के संडीला थाना क्षेत्र के गांव मैकाना निवासी 40 वर्षीय शिवकुमार पुत्र रामप्रकाश वर्तमान में पंजाब में रहकर मजदूरी करते थे। शनिवार सुबह वह अपने चाचा लाल बहादुर के साथ बाइक से पंजाब लौट रहे थे। सुबह कपसेड़ा गांव के निकट पहुंचते ही उनकी बाइक सामने से आ रही डीसीएम की चपेट में आ गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि शिवकुमार सड़क पर जा गिरे और मौके पर ही उनकी मौत हो गई, जबकि लाल बहादुर गंभीर रूप से घायल हो गए।
राहगीरों की सूचना पर पीआरवी-112 और थाना पुलिस मौके पर पहुंची। घायल को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां से चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर होने पर राजकीय मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजते हुए हादसे की जांच शुरू कर दी है।शिवकुमार की मौत की सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया।
पत्नी पूजा, पुत्र सूरज और नीरज तथा पुत्रियां निधि और शिबानी का रो-रोकर बुरा हाल है। परिजनों के मुताबिक शिवकुमार रोजी-रोटी कमाने के लिए पंजाब जा रहे थे, लेकिन रास्ते में ही दर्दनाक हादसे का शिकार हो गए। क्षेत्राधिकारी विदुष सक्सेना ने बताया कि डीसीएम और बाइक की टक्कर में एक व्यक्ति की मौके पर मौत हुई है, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल है। डीसीएम को कब्जे में लेकर चालक से पूछताछ की जा रही है। परिजनों की तहरीर के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।


Comments