मंदिर की सुरक्षा को लेकर हिन्दू रक्षा दल का प्रदर्शन, पुलिस आयुक्त को सौंपा ज्ञापन

हिन्दू रक्षा दल के पदाधिकारियों ने शुक्रवार को महिला मोर्चा की जिला अध्यक्ष रीना मिश्रा के नेतृत्व में कानपुर पुलिस आयुक्त कार्यालय पहुंचकर एक विस्तृत ज्ञापन सौंपा।

Swatantra Prabhat UP Picture
Published On

कानपुर नगर। हिन्दू रक्षा दल के पदाधिकारियों ने शुक्रवार को महिला मोर्चा की जिला अध्यक्ष रीना मिश्रा के नेतृत्व में कानपुर पुलिस आयुक्त कार्यालय पहुंचकर एक विस्तृत ज्ञापन सौंपा। संगठन ने आरोप लगाया कि थाना कल्याणपुर क्षेत्र में स्थित लगभग दस वर्ष पुराने सार्वजनिक मंदिर को गिराने की धमकियां दी जा रही हैं तथा शिकायतकर्ता और उनके परिवार को लगातार डराने-धमकाने का प्रयास किया जा रहा है। संगठन ने पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई की मांग की।
 
ज्ञापन में रीना मिश्रा ने आरोप लगाया कि उनके पड़ोस में रहने वाला एक व्यक्ति, जो स्वयं को सीआरपीएफ का सेवानिवृत्त अधिकारी बताता है, सार्वजनिक पार्क में बने मंदिर को हटाने की बात कहता रहा है। उनके अनुसार यह मंदिर स्थानीय लोगों के सहयोग और आस्था का प्रतीक है तथा पिछले लगभग दस वर्षों से क्षेत्र के श्रद्धालुओं की पूजा-अर्चना का केंद्र बना हुआ है। रीना मिश्रा ने यह भी आरोप लगाया कि उन्हें कई बार अभद्र व्यवहार, मारपीट तथा जान से मारने की धमकियों का सामना करना पड़ा है। उनका कहना है कि इन घटनाओं से संबंधित ऑडियो एवं वीडियो साक्ष्य उपलब्ध हैं, जिन्हें पुलिस को सौंपे जाने का उल्लेख ज्ञापन में किया गया है। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि पूर्व में दर्ज मुकदमे में अंतिम रिपोर्ट (एफआर) लगा दी गई थी तथा शिकायतों पर केवल शांति व्यवस्था संबंधी कार्रवाई होने से उन्हें न्याय नहीं मिल सका।
 
हिन्दू रक्षा दल के पदाधिकारियों ने मांग की कि पूरे मामले की जांच किसी वरिष्ठ अधिकारी से कराई जाए, उपलब्ध ऑडियो-वीडियो साक्ष्यों की निष्पक्ष जांच की जाए, शिकायतकर्ता एवं उनके परिवार को सुरक्षा प्रदान की जाए तथा यदि आरोप सही पाए जाएं तो संबंधित व्यक्तियों के विरुद्ध विधिसम्मत कठोर कार्रवाई की जाए। ज्ञापन सौंपने के दौरान हिन्दू रक्षा दल के जिला अध्यक्ष नीरज निश्चल श्रीवास्तव, महिला मोर्चा की जिला अध्यक्ष रीना मिश्रा, जिला उपाध्यक्ष आलोक भदौरिया, कोषाध्यक्ष दिनेश सिसोदिया, मंत्री कामता तिवारी, वरिष्ठ मंत्री मृत्युंजय हिन्दुवादी, श्रवण कुमार, विशाल पाल सहित संगठन के अनेक पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।
 

About The Author

Post Comments

Comments

संबंधित खबरें