परिवार की रक्षा में शहीद हुआ 'टॉमी

कोबरा से एक घंटे तक लड़ा, सांप को मारकर खुद भी गंवाई जान

Swatantra Prabhat UP Picture
Published On

बलिया। जिले के बेल्थरा रोड क्षेत्र से इंसान और उसके पालतू के अटूट रिश्ते की एक मार्मिक घटना सामने आई है। यहां एक पालतू लैब्राडोर कुत्ते 'टॉमी' ने अपने मालिक के परिवार की सुरक्षा के लिए जहरीले कोबरा से करीब एक घंटे तक संघर्ष किया। आखिरकार उसने कोबरा को मार गिराया, लेकिन इस दौरान कई बार जहरीले डंस का शिकार होने से कुछ देर बाद उसकी भी मौत हो गई।
 
जानकारी के अनुसार, उभांव क्षेत्र निवासी भट्ठा व्यवसायी दानिश के घर रविवार तड़के करीब दो बजे एक विषैला कोबरा घुसने की कोशिश कर रहा था। सबसे पहले आठ वर्षीय लैब्राडोर टॉमी की नजर सांप पर पड़ी। उसने लगातार भौंककर परिवार के सदस्यों को सतर्क किया और बिना देर किए कोबरा से भिड़ गया।
 
परिजनों के मुताबिक, टॉमी और कोबरा के बीच करीब एक घंटे तक जबरदस्त संघर्ष चलता रहा। इस दौरान कोबरा ने कई बार टॉमी को डंसा, लेकिन उसने हार नहीं मानी और आखिरकार कोबरा को मार गिराया। हालांकि जहरीले विष का असर तेजी से बढ़ने के कारण करीब आधे घंटे बाद टॉमी ने भी दम तोड़ दिया।
 
परिवार का कहना है कि यदि टॉमी उस रात साहस नहीं दिखाता, तो जहरीला सांप घर में घुसकर किसी भी सदस्य की जान ले सकता था। टॉमी ने अपनी जान देकर पूरे परिवार को सुरक्षित बचा लिया। टॉमी पिछले आठ वर्षों से परिवार का अभिन्न सदस्य था। उसकी मौत से पूरा परिवार गहरे सदमे में है। सोमवार को नम आंखों से टॉमी को अंतिम विदाई दी गई। अंतिम संस्कार के दौरान परिवार के कई सदस्य भावुक हो उठे। वफादारी और साहस की मिसाल बने टॉमी की यह कहानी पूरे क्षेत्र में चर्चा का विषय बनी हुई है।

About The Author

Post Comments

Comments

संबंधित खबरें