नवीनतम
फीचर्ड
राजनीति
हरे पेड़ों पर चला आरा, विरोध करने पर जान से मारने की धमकी
मोहनलालगंज थाना क्षेत्र के सुल्सामऊ मजरा स्थित संताखेड़ा गांव में हरे-भरे पेड़ों की अवैध कटान का मामला सामने आया है। विरोध करने पर पीड़ित को गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी देने का भी आरोप है।
मोहनलालगंज, लखनऊ।
मोहनलालगंज थाना क्षेत्र के सुल्सामऊ मजरा स्थित संताखेड़ा गांव में हरे-भरे पेड़ों की अवैध कटान का मामला सामने आया है। विरोध करने पर पीड़ित को गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी देने का भी आरोप है। पुलिस ने पीड़ित की तहरीर पर दो नामजद आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) और वृक्ष संरक्षण अधिनियम की धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
संताखेड़ा निवासी लवकुश पुत्र स्वर्गीय देवदत्त के मुताबिक, गांव के ही राजन और धीरू पुत्रगण संतोष कुमार ने उसके खेत, गाटा संख्या-86 में लगे करीब सात हरे पेड़ों को बिना अनुमति कटवा दिया। जानकारी होने पर वह मौके पर पहुंचा और विरोध किया तो आरोपियों ने उसके साथ गाली-गलौज की।
पीड़ित का आरोप है कि आरोपियों ने खेत के अलावा नाले के किनारे लगे करीब 15 से 20 शीशम, नीम, यूकेलिप्टस, बबूल और चिलवल के पेड़ों की भी कटान करा दी। घटना की सूचना तत्काल डायल-112 पर दी गई। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन उससे पहले ही आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए फरार हो गए।
मोहनलालगंज पुलिस ने पीड़ित की तहरीर के आधार पर दोनों आरोपियों के खिलाफ बीएनएस की धारा 352, 351(3) तथा वृक्ष संरक्षण अधिनियम की धारा 4/10 के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।


Comments