मण्डलायुक्त की अध्यक्षता में मण्डलीय उद्योग बंधु समिति की बैठक

सभी सम्बंधित विभागों के अधिकारियों को उद्योग बंधुओं की समस्याओं को शीर्ष प्राथमिकता पर निस्तारित किए जाने के दिए निर्देश

Swatantra Prabhat UP Picture
Published On

दया शंकर त्रिपाठी 
 
ब्यूरो प्रयागराज। मण्डलायुक्त  सौम्या अग्रवाल की अध्यक्षता में गुरूवार को गांधी सभागार में मण्डलीय उद्योग बंधु समिति की बैठक आयोजित हुई। बैठक में मण्डलायुक्त ने निवेश मित्र पोर्टल, मुख्यमंत्री युवा स्वरोजगार योजना, एक जनपद एक उत्पाद योजना, मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान योजना, निवेश मित्र पोर्टल, औद्योगिक क्षेत्र नैनी में विद्युत पोल शिफ्टिंग के कार्य सहित अन्य विषयों से सम्बंधित प्रकरणों के निस्तारण की प्रगति की बिंदुवार समीक्षा करते हुए उन्होंने सभी सम्बंधित विभागों के अधिकारियों को उद्योग बंधुओं की समस्याओं को शीर्ष प्राथमिकता पर निस्तारित किए जाने का निर्देश दिया है। उन्होंने कहा है कि उद्योग धंधो को बढ़ावा देना सरकार की शीर्ष प्राथमिकता वाले बिंदुओं में से एक है, इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही या उदासीनता क्षम्य नहीं होगी।
 
बैठक में औद्योगिक क्षेत्र नैनी में विद्युत पोल शिफ्टिंग के कार्य की समीक्षा के समय कार्य की प्रगति से सम्बंधित जानकारी दिए जाने हेतु विद्युत विभाग के किसी भी अधिकारी के बैठक में उपस्थित न रहने पर मण्डलायुक्त ने नाराजगी व्यक्त करते हुए मुख्य अभियंता विद्युत से स्पष्टीकरण प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।  यूपीएसआईडीसी के क्षेत्रीय प्रबंधक के  द्वारा बताया गया कि औद्योगिक क्षेत्र नैनी के अंदर के क्षेत्र में पोल शिफ्टिंग का कार्य पूर्ण हो गया हैं। इस पर उद्यमियों के द्वारा बताया गया कि औद्योगिक क्षेत्र के अंदर तो पूर्ण शिफ्टिंग का कार्य तो पूर्ण हो गया है, परंतु मिर्जापुर रोड के पोल शिफ्टिंग का कार्य अभी नहीं पूर्ण हो पाया है।
 
मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान योजना, मुख्यमंत्री युवा स्वरोजगार योजना, एक जनपद एक उत्पाद मार्जिन मनी के मण्डलायुक्त ने निर्देशित किया कि उक्त योजनाओं से सम्बंधित जो भी आवेदन पत्र बैंको में लम्बित है, सम्बंधित बैंक लम्बित आवेदन पत्रों को निर्धारित समयसीमा के अन्तर्गत अनिवार्य रूप से निस्तारित करना सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि जो आवेदन पत्र बैंको द्वारा स्वीकृत किए गए है, उनके ऋण वितरण की कार्यवाही शत-प्रतिशत रूप से पूर्ण हो जाये। 
 
मित्र पोर्टल की  किसी भी विभाग का कोई भी आवेदन पत्र निर्धारित समयसीमा के पश्चात लम्बित नहीं रहना चाहिए। उन्होंने कहा कि निर्धारित समयसीमा के बाद यदि किसी भी विभाग से सम्बंधित आवेदन पत्र अनिस्तारित पाया गया, तो सम्बंधित अधिकारी के विरूद्ध कड़ी कार्रवाई की जायेगी।
 
बैठक में प्रयागराज विकास प्राधिकरण द्वारा सड़क चौड़ीकरण हेतु तोड़ी गयी एमएनआईटी औद्योगिक आस्थान की बाउंड्रीवाल का अभी तक पुनः निर्माण न कराये जाने से सम्बंधित प्रकरण पर मण्डलायुक्त ने उपाध्यक्ष, प्रयागराज विकास प्राधिकरण को इस पर आवश्यक कार्यवाही किए जाने के लिए कहा है।  
 
इस अवसर पर संयुक्त आयुक्त उद्योग श्री अजय कुमार चौरसिया, मण्डल के सभी जनपदों के उपायुक्त उद्योग, उद्योग समिति के सदस्य मुरारी लाल अग्रवाल,  नटवर लाल, संतोष कुमार त्रिपाठी सहित अन्य सम्बंधित विभागों के अधिकारीगणों के अलावा उद्यमीगण उपस्थित रहे।

About The Author

Post Comments

Comments

संबंधित खबरें