दहेज हत्या में फरार सास भी गिरफ्तार, तीनों आरोपी पहुंचे जेल

........शादी के चार माह बाद हुई थी विवाहिता की संदिग्ध मौत, दो लाख रुपये की दहेज मांग और प्रताड़ना का आरोप; मिशन शक्ति टीम की मदद से मिली सफलता

Swatantra Prabhat UP Picture
Published On

मोहनलालगंज, लखनऊ। मोहनलालगंज थाना क्षेत्र अंतर्गत हुलास खेड़ा गांव में शादी के महज चार माह बाद विवाहिता की संदिग्ध मौत के मामले में मोहनलालगंज पुलिस ने फरार चल रही सास को भी गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। इससे पहले पुलिस मृतका के पति और ससुर को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेज चुकी थी। सास की गिरफ्तारी के साथ ही दहेज हत्या के इस चर्चित मामले के तीनों नामजद आरोपी सलाखों के पीछे पहुंच गए हैं।
 
पुलिस के मुताबिक बिजनौर थाना क्षेत्र के परवर पश्चिम निवासी मनोज ने 26 जुलाई को मोहनलालगंज कोतवाली में तहरीर देकर बताया था कि उनकी पुत्री सीमा की शादी 7 मार्च 2026 को हुलासखेड़ा निवासी अमित कुमार से हुई थी। आरोप है कि शादी के बाद पति अमित कुमार, ससुर रामचन्द्र रावत और सास कम दहेज मिलने की बात कहकर सीमा को लगातार प्रताड़ित करते थे और मायके से दो लाख रुपये लाने का दबाव बना रहे थे।
 
इसी बीच 25 जुलाई को सीमा की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। घटना के बाद मायके पक्ष की तहरीर पर पुलिस ने दहेज हत्या समेत सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की। विवेचना के दौरान पुलिस ने 28 जुलाई को पति अमित कुमार और ससुर रामचन्द्र रावत को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था, जबकि सास फरार हो गई थी।
 
प्रभारी निरीक्षक रामबाबू सिंह के निर्देशन में गठित पुलिस टीम और मिशन शक्ति टीम लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही थी। गुरुवार को पुलिस ने फरार सास को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया।
 
पुलिस के अनुसार पूछताछ में महिला ने स्वीकार किया कि कम दहेज मिलने को लेकर परिवार में अक्सर विवाद होता था और अतिरिक्त रुपये लाने का दबाव बनाया जाता था। हालांकि उसने यह भी कहा कि उसे इस बात का अनुमान नहीं था कि सीमा आत्महत्या जैसा कदम उठा लेगी।
 
प्रभारी निरीक्षक रामबाबू सिंह ने कहा कि दहेज उत्पीड़न और महिलाओं के खिलाफ अपराध के मामलों में किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा। मामले में निष्पक्ष कार्रवाई करते हुए फरार अभियुक्ता को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है।

About The Author

Post Comments

Comments

संबंधित खबरें