विधायक श्याम सुंदर भारती प्रतिदिन सुबह अपने पैतृक आवास पर सुनते हैं क्षेत्र वासियों की समस्याएं

उनकी इस कार्यशैली से आमजन में विश्वास और उम्मीद दोनों बढ़ी

Swatantra Prabhat UP Picture
Published On

बछरावां/रायबरेली: बछरावां विधानसभा क्षेत्र से समाजवादी पार्टी के विधायक श्याम सुंदर भारती अपनी सक्रिय कार्यशैली, जनसंपर्क और विकासोन्मुख सोच के चलते क्षेत्र में लगातार चर्चा का विषय बने हुए हैं। प्रतिदिन क्षेत्र का भ्रमण कर लोगों की समस्याएं सुनना, उनके त्वरित समाधान का प्रयास करना तथा विकास कार्यों की गुणवत्ता की स्वयं निगरानी करना उनकी दिनचर्या का हिस्सा बन चुका है। यही कारण है कि क्षेत्र के लोगों के बीच उनकी एक सहज, सरल और जनसुलभ जनप्रतिनिधि की छवि लगातार मजबूत होती जा रही है।

आपको बता दें कि, विधायक श्याम सुंदर भारती प्रतिदिन सुबह अपने पैतृक आवास ठाकुरपुर में जनता दर्शन (जनता दरबार) आयोजित करते हैं, जहां बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी अपनी समस्याएं लेकर पहुंचते हैं। विधायक प्रत्येक फरियादी की बात गंभीरता से सुनते हैं और संबंधित विभागों के अधिकारियों से तत्काल संपर्क कर समस्याओं के समाधान का प्रयास करते हैं। उनकी इस कार्यशैली से आमजन में विश्वास और उम्मीद दोनों बढ़ी हैं।

क्षेत्रीय नागरिकों का कहना है कि, विधायक विकास कार्यों को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए बिना किसी भेदभाव के सभी वर्गों के बीच पहुंचते हैं। सड़क, बिजली, प्रकाश व्यवस्था और जनसुविधाओं से जुड़े मुद्दों पर वे विशेष रूप से सक्रिय रहते हैं। साथ ही स्थानीय स्तर के निजी विवादों से दूरी बनाए रखते हुए जनहित से जुड़े बड़े मुद्दों पर अधिक ध्यान केंद्रित करते हैं।

शुक्रवार को यह संवाददाता जब ठाकुरपुर स्थित विधायक आवास पहुंचा, तब विधायक श्याम सुंदर भारती सादे वस्त्रों में जनता दर्शन के दौरान लोगों की समस्याएं सुन रहे थे। इसी दौरान मऊ ग्राम पंचायत के दशवंतपुर गांव निवासी शिव वरदान सिंह (डब्बू) एवं धर्मराज सिंह (नान्ह) ने गांव के मेला मैदान में फोर-वे हाई मास्ट लाइट लगाए जाने की मांग रखी। विधायक ने इस मांग को जनहित से जुड़ा बताते हुए आश्वासन दिया कि, पंद्रह दिनों के भीतर मेला मैदान में हाई मास्ट लाइट स्थापित कराई जाएगी।

इसी क्रम में बारीगोहन्ना ग्राम पंचायत के प्रधान प्रतिनिधि आनंद कुमार मिश्रा ने कड़रिया गांव स्थित रामनाथ के दरवाजे के तिराहे अथवा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र परिसर में फोर-वे हाई मास्क लाइट लगाए जाने तथा पूरे शुकुलन गांव की नई बस्ती के विद्युतीकरण की मांग विधायक के समक्ष रखी।

विधायक श्याम सुंदर भारती ने दोनों मांगों को गंभीरता से लेते हुए हाई मास्क लाइट की स्थापना पंद्रह दिनों के भीतर कराने का आश्वासन दिया। साथ ही उन्होंने कहा कि, पूरे शुकुलन गांव की विद्युत व्यवस्था का मुद्दा आगामी विधानसभा सत्र में प्रमुखता से उठाया जाएगा। उन्होंने भरोसा दिलाया कि, वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव से पूर्व उनका प्रयास रहेगा कि, गांव का पूर्ण विद्युतीकरण हो जाए, जिससे आज भी मोमबत्ती और ढिबरी के सहारे जीवन यापन कर रहे लोगों को स्थायी राहत मिल सके।

जनता दर्शन के दौरान बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी अपनी समस्याएं लेकर पहुंचे और विधायक ने एक-एक कर सभी की बात सुनी। इस अवसर पर बाबू यादव, राम प्रताप, सचिव कुमार, सुमंत कुमार, महबूब अली, राजा राम सहित अनेक लोग उपस्थित रहे।

About The Author

Post Comments

Comments

संबंधित खबरें