पदोन्नत होकर वरिष्ठ प्रवक्ता डायट सीतापुर बने शैलेन्द्र शुक्ल, शुकुल बाजार में भावभीनी विदाई

विकासखंड शुकुल बाजार के खंड शिक्षा अधिकारी (बीईओ) शैलेन्द्र शुक्ल के पदोन्नत होकर वरिष्ठ प्रवक्ता, डायट सीतापुर नियुक्त होने पर शिक्षकों द्वारा भावभीना विदाई समारोह आयोजित किया गया।

Swatantra Prabhat Picture
Published On

अमेठी/शुकुल बाजार। विकासखंड शुकुल बाजार के खंड शिक्षा अधिकारी (बीईओ) शैलेन्द्र शुक्ल के पदोन्नत होकर वरिष्ठ प्रवक्ता, डायट सीतापुर नियुक्त होने पर शिक्षकों द्वारा भावभीना विदाई समारोह आयोजित किया गया। इसी अवसर पर नवागत खंड शिक्षा अधिकारी राम ललित के प्रथम आगमन पर उनका गर्मजोशी से स्वागत एवं अभिनंदन किया गया। कार्यक्रम में शिक्षा विभाग के अधिकारियों, शिक्षक संघ के पदाधिकारियों तथा विकासखंड के बड़ी संख्या में शिक्षकों ने सहभागिता कर दोनों अधिकारियों का सम्मान किया।
 
समारोह का वातावरण भावुक होने के साथ-साथ उत्साहपूर्ण भी रहा। वक्ताओं ने शैलेन्द्र शुक्ल के कार्यकाल को याद करते हुए कहा कि उन्होंने शुकुल बाजार में शिक्षा व्यवस्था को बेहतर बनाने, विद्यालयों में गुणवत्तापूर्ण शिक्षण वातावरण विकसित करने तथा शिक्षकों के साथ समन्वय स्थापित कर विभागीय योजनाओं को प्रभावी ढंग से लागू कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उनके सरल, सौम्य एवं सहयोगात्मक व्यवहार की सभी ने सराहना करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
 
अपने संबोधन में शैलेन्द्र शुक्ल ने कहा कि शुकुल बाजार में बिताया गया समय उनके जीवन की अमूल्य धरोहर रहेगा। उन्होंने शिक्षकों द्वारा दिए गए सहयोग और सम्मान के लिए सभी के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि शिक्षा के क्षेत्र में निरंतर उत्कृष्ट कार्य करना ही उनका लक्ष्य रहेगा।
 
वहीं नवागत खंड शिक्षा अधिकारी राम ललित का शिक्षकों ने पुष्पगुच्छ एवं माल्यार्पण कर स्वागत किया। उन्होंने कहा कि गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, विद्यालयों में शैक्षणिक वातावरण को और सुदृढ़ बनाना तथा शासन की योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन उनकी प्राथमिकता होगी। उन्होंने सभी शिक्षकों से टीम भावना के साथ कार्य करने का आह्वान करते हुए विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए सामूहिक प्रयास करने की बात कही।
 
कार्यक्रम में शिक्षक संघ के ब्लॉक अध्यक्ष शिवकुश पांडे, विक्रमादित्य तिवारी, राहुल पांडे, अनूप तिवारी, अजय तिवारी, संदीप यादवसहित विकासखंड शुकुल बाजार के लगभग सभी शिक्षक उपस्थित रहे। सभी ने स्मृति चिह्न एवं अंगवस्त्र भेंट कर शैलेन्द्र शुक्ल को सम्मानपूर्वक विदाई दी तथा नवागत बीईओ राम ललित का स्वागत करते हुए उनके सफल कार्यकाल की शुभकामनाएं दीं।
 
पूरे कार्यक्रम के दौरान शिक्षकों में उत्साह देखने को मिला। विदाई और स्वागत समारोह ने शिक्षा विभाग की एकजुटता, आपसी समन्वय तथा शिक्षा के प्रति समर्पण की भावना को सशक्त रूप से प्रदर्शित किया।
 
 

About The Author

Post Comments

Comments

संबंधित खबरें