एनसीसी कैडेटों ने लिया सैन्य प्रशिक्षण एवं आधुनिक तकनीक का अनुभव
शिविर में भाग ले रहे 660 एनसीसी कैडेटों ने दिनभर आयोजित प्रशिक्षण सत्रों में बढ़-चढ़कर सहभागिता की
15 यूपी बटालियन एनसीसी द्वारा सैनिक पीजी कॉलेज मई , देवकली, प्रयागराज में आयोजित संयुक्त वार्षिक प्रशिक्षण शिविर (सीएटीसी-69) का दूसरा दिन सैन्य प्रशिक्षण, आधुनिक तकनीक एवं व्यक्तित्व विकास पर आधारित विविध गतिविधियों के साथ उत्साहपूर्ण वातावरण में सम्पन्न हुआ। शिविर में भाग ले रहे 660 एनसीसी कैडेटों ने दिनभर आयोजित प्रशिक्षण सत्रों में बढ़-चढ़कर सहभागिता की।
दिन की शुरुआत प्रातःकालीन शारीरिक प्रशिक्षण (पीटी) से हुई, जिसके उपरांत ड्रिल परेड आयोजित की गई। इन गतिविधियों के माध्यम से कैडेटों में अनुशासन, शारीरिक क्षमता, नेतृत्व, समन्वय एवं टीम भावना का विकास किया गया।
दिवस का प्रमुख आकर्षण लाइव फायरिंग अभ्यास रहा, जिसमें जूनियर डिवीजन एवं जूनियर विंग के कैडेटों ने प्रशिक्षित प्रशिक्षकों की निगरानी में पहली बार हथियार से फायरिंग का अनुभव प्राप्त किया। इस प्रशिक्षण से कैडेटों का आत्मविश्वास बढ़ा तथा उन्हें हथियारों के सुरक्षित एवं जिम्मेदार उपयोग की मूलभूत जानकारी प्राप्त हुई।
वहीं सीनियर डिवीजन एवं सीनियर विंग के कैडेटों को मैप रीडिंग, शस्त्र प्रशिक्षण, तकनीकी विषयों तथा स्वास्थ्य एवं स्वच्छता पर गहन प्रशिक्षण प्रदान किया गया, जिससे उनके सैन्य ज्ञान एवं व्यावहारिक दक्षता में वृद्धि हुई।
शिविर के दौरान ड्रोन तकनीक पर एक विशेष परिचयात्मक सत्र भी आयोजित किया गया, जिसमें कैडेटों को ड्रोन की कार्यप्रणाली, उपयोगिता एवं संचालन संबंधी मूलभूत जानकारी दी गई। आगामी दिवस पर कैडेटों को व्यावहारिक ड्रोन प्रशिक्षण प्रदान किया जाएगा, जिससे उन्हें ड्रोन संचालन का प्रत्यक्ष अनुभव प्राप्त होगा।
सायंकालीन सत्र में सेंट्रल गेम्स का आयोजन किया गया, जिसने कैडेटों में खेल भावना, टीमवर्क एवं शारीरिक दक्षता को प्रोत्साहित किया। इसके पश्चात ऑपरेशन रेड विंग्स पर आधारित एक प्रशिक्षण फिल्म का प्रदर्शन किया गया, जिसके माध्यम से कैडेटों को सैन्य नेतृत्व, कर्तव्यनिष्ठा, साहस एवं सशस्त्र सेनाओं के मूल्यों की प्रेरणादायक जानकारी प्राप्त हुई।
कैम्प कमांडेंट कर्नल ऋतु श्रीवास्तव रावत ने मीडिया को जानकारी देते हुए बताया कि शिविर की रूपरेखा इस प्रकार तैयार की गई है कि कैडेटों को सैन्य प्रशिक्षण, आधुनिक तकनीकी ज्ञान, शारीरिक दक्षता एवं जीवनोपयोगी कौशल का संतुलित प्रशिक्षण प्राप्त हो।
swatantra prabhat prayagraj news स्वतंत्र प्रभात uttar pradesh news Youth Development personality development NCC cadets drone technology leadership skills 15 UP Battalion NCC सैन्य प्रशिक्षण NCC Training Camp CATC 69 Live Firing Practice Sainik PG College Devkali Prayagraj Map Reading Junior Division Cadets Senior Wing NCC Central Games Operation Red Wings NCC Camp Update Military Education Cadet Training NCC Prayagraj


Comments