गंगा बहुउद्देशीय सभागार में बुधवार को मुख्यमंत्री शिक्षक कैशलेस चिकित्सा योजना, छात्र-छात्राओं को डीबीटी के माध्यम से सहायता राशि वितरण तथा शिक्षकों एवं संविदा कर्मियों की सामाजिक सुरक्षा से जुड़े कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
गंगा बहुउद्देशीय सभागार में बुधवार को मुख्यमंत्री शिक्षक कैशलेस चिकित्सा योजना, छात्र-छात्राओं को डीबीटी के माध्यम से सहायता राशि
बलिया। गंगा बहुउद्देशीय सभागार में बुधवार को मुख्यमंत्री शिक्षक कैशलेस चिकित्सा योजना, छात्र-छात्राओं को डीबीटी के माध्यम से सहायता राशि वितरण तथा शिक्षकों एवं संविदा कर्मियों की सामाजिक सुरक्षा से जुड़े कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ प्रदेश के परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह और राज्य मंत्री दानिश आजाद अंसारी ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया।
इस अवसर पर 20 शिक्षकों को मुख्यमंत्री शिक्षक कैशलेस चिकित्सा योजना के अंतर्गत चिकित्सा कार्ड वितरित किए गए। इस योजना के तहत शिक्षकों एवं उनके परिवारों को 5 लाख रुपये तक के कैशलेस एवं निःशुल्क उपचार की सुविधा मिलेगी।
राज्य मंत्री दानिश आजाद अंसारी ने कहा कि प्रदेश सरकार ने लगभग 1.10 करोड़ छात्र-छात्राओं के बैंक खातों में डीबीटी के माध्यम से 1200 रुपये की सहायता राशि भेजी है, जिससे वे यूनिफॉर्म, जूते, मोजे, स्वेटर, स्कूल बैग और स्टेशनरी खरीद सकें। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री शिक्षक कैशलेस चिकित्सा योजना से प्रदेश के करीब 12 लाख शिक्षक एवं उनके परिवार लाभान्वित होंगे। साथ ही लगभग 10 लाख शिक्षकों और संविदा कर्मियों की सामाजिक सुरक्षा के लिए स्टेट बैंक ऑफ इंडिया के साथ एमओयू भी किया गया है।
परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की आयुष्मान भारत योजना की तर्ज पर मुख्यमंत्री ने शिक्षकों और उनके परिवारों को भी कैशलेस चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराकर उन्हें बड़ी राहत दी है। उन्होंने राष्ट्रीय स्तर पर चयनित स्वच्छ एवं हरित विद्यालयों के प्रधानाचार्यों को सम्मानित करते हुए उनके प्रयासों की सराहना की।
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के तहत तीन लाभार्थियों को आवास स्वीकृति प्रमाणपत्र प्रदान किए गए। वहीं विश्वकर्मा श्रम सम्मान योजना के अंतर्गत पांच लाभार्थियों को स्वरोजगार के लिए टूलकिट वितरित की गई। जिला चिकित्सा विभाग की ओर से पांच पात्र लाभार्थियों को आयुष्मान कार्ड भी प्रदान किए गए।
इस अवसर पर जिलाधिकारी मंगला प्रसाद सिंह, मुख्य विकास अधिकारी ओजस्वी राज, भाजपा जिलाध्यक्ष संजय मिश्रा, राज्य महिला आयोग की सदस्य श्रीमती सुनीता श्रीवास्तव, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी मनीष कुमार सिंह सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी उपस्थित रहे।


Comments