100 फीट ऊंचे बीएसएनएल टावर पर 19 घंटे तक डटा रहा युवक
पुलिस-प्रशासन के छूटे पसीने; घंटों की मशक्कत के बाद उतारा
तिलहर-शाहजहांपुर। कछियानीखेड़ा स्थित डिग्री कॉलेज परिसर में लगे बीएसएनएल के करीब 100 फीट ऊंचे मोबाइल टावर पर चढ़े युवक ने 19 घंटे तक पुलिस और प्रशासन की नींद उड़ा दी। गुरुवार रात शुरू हुआ हाई-वोल्टेज घटनाक्रम शुक्रवार दोपहर करीब तीन बजे खत्म हुआ, जब अधिकारियों की लंबी समझाइश और कड़ी मशक्कत के बाद युवक को सकुशल नीचे उतारा जा सका। पूरे घटनाक्रम के दौरान पुलिस, प्रशासन और परिजनों की सांसें अटकी रहीं।
गुरुवार रात करीब आठ बजे मीरानपुर कटरा थाना क्षेत्र के रामनगर कॉलोनी निवासी आकाश यादव अचानक मंदिर के पास स्थित बीएसएनएल टावर पर चढ़ गया। सूचना मिलते ही इंस्पेक्टर क्राइम सुनील यादव पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंच गए। रातभर पुलिस मोबाइल फोन के जरिए युवक से बातचीत करती रही, लेकिन वह नीचे उतरने को तैयार नहीं हुआ। युवक लगातार खुद को पुलिस प्रताड़ना का शिकार बताते हुए कार्रवाई की मांग करता रहा।
शुक्रवार सुबह उसके पिता गुड्डू और मां अनीता को मौके पर बुलाया गया। मामला बढ़ता देख एडीएम अरविंद कुमार, एसडीएम जीत सिंह राय, तहसीलदार अजहर अंसारी, ग्रामीण एसपी दीक्षा भंवरे, सीओ इशिका सिंह, प्रभारी निरीक्षक प्रिंस शर्मा समेत पुलिस और प्रशासन के कई अधिकारी मौके पर डेरा डाले रहे। बातचीत के दौरान युवक ने आरोप लगाया कि कटरा थाने में दर्ज मुकदमों के बाद उसे लगातार प्रताड़ित किया गया। उसने हरियाणा में नौकरी के दौरान 50 हजार रुपये की साइबर ठगी और फैक्ट्री ठेकेदार द्वारा शोषण का भी आरोप लगाया। युवक का कहना था कि कहीं भी उसकी सुनवाई नहीं हुई, जिससे उसका व्यवस्था पर भरोसा खत्म हो गया।
स्थिति तब और गंभीर हो गई, जब युवक ने अपने पास सल्फास की गोलियां और खाने-पीने का सामान होने की बात कही। इसके बाद पुलिस ने पूरे इलाके की घेराबंदी कर दी और किसी भी अप्रिय घटना से निपटने के लिए अतिरिक्त सतर्कता बरती। घंटों तक चली मान-मनौव्वल के बावजूद युवक सीबीआई या सेना के अधिकारियों से बात कराने और सेना में नौकरी दिलाने की मांग पर अड़ा रहा। आखिरकार एडीएम अरविंद कुमार ने धैर्यपूर्वक बातचीत कर उसे भरोसा दिलाया। इसके बाद पुलिस टीम टावर पर चढ़ी और सुरक्षा उपायों के बीच युवक को सकुशल नीचे उतार लिया। नीचे उतरते ही पुलिस उसे अपने साथ थाने ले गई।
मानसिक स्थिति की होगी जांच
सीओ इशिका सिंह ने बताया कि प्रथम दृष्टया युवक की मानसिक स्थिति सामान्य नहीं लग रही है। उसका चिकित्सकीय परीक्षण कराया जा रहा है। आवश्यकता पड़ने पर उसे बरेली स्थित मानसिक स्वास्थ्य संस्थान रेफर किया जाएगा
breaking news swatantra prabhat uttar pradesh police SDM स्वतंत्र प्रभात शाहजहांपुर shahjahanpur news latest update local administration police administration Rescue Operation Emergency Response Public Safety high voltage drama तिलहर Police Rescue BSNL Tower Tower Incident Akash Yadav ADM Arvind Kumar CO Ishika Singh Rural SP Diksha Bhanware Crisis Management Mental Health Assessment Crowd Control


Comments