मुख्यमंत्री शिक्षक कैशलेस चिकित्सा योजना का शुभारंभ, शिक्षकों को मिलेगा स्वास्थ्य सुरक्षा कवच
स्कूल चलो अभियान के प्रचार वाहन एवं रैली को दिखाई गई हरी झंडी, उत्कृष्ट शिक्षकों, रसोइयों व निपुण विद्यार्थियों को किया गया सम्मानित
अम्बेडकरनगर। मुख्य अतिथि उपाध्यक्ष राज्य महिला आयोग अपर्णा यादव, विधायक कटेहरी धर्मराज निषाद, अध्यक्ष जिला पंचायत श्याम सुंदर वर्मा उर्फ साधु वर्मा, जिलाधिकारी ईशा प्रिया, मुख्य विकास अधिकारी आनंद कुमार शुक्ला तथा अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) ज्योत्स्ना बंधु व भाजपा जिलाध्यक्ष दिलीप देव पटेल की गरिमामयी उपस्थिति में कलेक्ट्रेट सभागार में मुख्यमंत्री शिक्षक कैशलेस चिकित्सा योजना के शुभारंभ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर माननीय मुख्यमंत्री श्री योगी आदित्यनाथ द्वारा लखनऊ से आयोजित मुख्य कार्यक्रम का सजीव प्रसारण देखा एवं सुना गया।

कार्यक्रम के दौरान माननीय मुख्यमंत्री ने प्रदेश के शिक्षकों के कल्याण हेतु अनेक महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं। उन्होंने मुख्यमंत्री शिक्षक कैशलेस चिकित्सा योजना का शुभारंभ करते हुए शिक्षकों एवं उनके आश्रितों को स्वास्थ्य सुरक्षा का नया कवच प्रदान किया। साथ ही प्रदेश के 1.10 करोड़ विद्यार्थियों के अभिभावकों के खातों में डीबीटी के माध्यम से यूनिफॉर्म, जूता, मोजा, स्वेटर, बैग एवं स्टेशनरी के लिए प्रति छात्र-छात्रा ₹1200 की धनराशि हस्तांतरित की गई। इसके अतिरिक्त लगभग 10 लाख शिक्षकों एवं संविदा कर्मचारियों की सामाजिक सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से स्टेट बैंक ऑफ इंडिया के साथ एमओयू भी संपादित किया गया।
इस अवसर पर मुख्य अतिथि श्रीमती अपर्णा यादव ने कहा कि मुख्यमंत्री शिक्षक कैशलेस चिकित्सा योजना प्रदेश के शिक्षकों के लिए स्वास्थ्य सुरक्षा का मजबूत कवच सिद्ध होगी। उन्होंने बताया कि योजना का लाभ बेसिक एवं माध्यमिक शिक्षा विभाग के राजकीय, अशासकीय सहायता प्राप्त, मान्यता प्राप्त, संस्कृत, स्ववित्तपोषित एवं व्यावसायिक विद्यालयों के शिक्षक, विशेष शिक्षक (CWSN), अनुदेशक, कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालयों के वार्डन, पूर्णकालिक एवं अंशकालिक शिक्षक-शिक्षिकाएं, पीएम पोषण योजना के रसोइये तथा इनके आश्रितों को मिलेगा।
उन्होंने कहा कि यह योजना शिक्षकों के सम्मान एवं कल्याण के प्रति प्रदेश सरकार की प्रतिबद्धता का प्रमाण है। साथ ही डीबीटी के माध्यम से विद्यार्थियों के लिए निर्धारित धनराशि सीधे अभिभावकों के खातों में भेजी गई है, जिससे बच्चों को समय पर आवश्यक शैक्षिक सामग्री उपलब्ध हो सकेगी।

उन्होंने सभी शिक्षकों व अभिभावकों से अपील की कि 6 से 14 वर्ष आयु वर्ग का कोई भी बच्चा शिक्षा से वंचित न रहे। उन्होंने बच्चों के माता–पिता से अपील की सभी बच्चों का विद्यालयों में नामांकन कराकर उन्हें नियमित रूप से निर्धारित यूनिफॉर्म में विद्यालय भेजें। उन्होंने कहा कि शिक्षा ही विकास की आधारशिला है और शिक्षक बच्चों के भविष्य निर्माण में सबसे महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। इस योजना से पीएम पोषण योजना के रसोइये भी लाभान्वित होंगे।
कार्यक्रम के दौरान मुख्य अतिथि द्वारा मुख्यमंत्री शिक्षक कैशलेस चिकित्सा योजना के अंतर्गत शिक्षकों, अनुदेशकों एवं रसोइयों को प्रतीकात्मक कार्ड वितरित किए गए। इसके साथ ही जनपद में स्कूल चलो अभियान के प्रथम चरण में सर्वाधिक नामांकन कराने वाले विद्यालयों के प्रधानाध्यापकों को अंगवस्त्र एवं प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।
इसी अवसर पर जनपद स्तरीय पाक कला प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले तीन रसोइयों को प्रमाण-पत्र एवं अंगवस्त्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। वहीं जनपद के सर्वश्रेष्ठ पांच निपुण विद्यार्थियों को माला पहनाकर बैग, पाठ्यपुस्तक एवं अन्य शैक्षिक सामग्री प्रदान कर उनका उत्साहवर्धन किया गया। कार्यक्रम के दौरान शिक्षकों, रसोइयों एवं उपस्थित अभिभावकों को सहजन के पौधों का भी वितरण किया गया।
कार्यक्रम के उपरांत मुख्य अतिथि ने जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों के साथ कलेक्ट्रेट परिसर से स्कूल चलो अभियान के प्रचार वाहन एवं जागरूकता रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस अवसर पर आयोजित सहजन भंडारा में बड़ी संख्या में अभिभावकों, शिक्षकों एवं रसोइयों को सहजन के पौधे वितरित किया गया। कार्यक्रम में जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी डॉ. पूनम मिश्रा, शिक्षा विभाग के अधिकारी, प्रधानाचार्य, शिक्षक- शिक्षिकाएं, कर्मचारी, रसोइया एवं बड़ी संख्या में अभिभावक उपस्थित रहे।
yogi adityanath Ambedkar nagar education news स्वतंत्र प्रभात uttar pradesh government basic education direct benefit transfer aparna yadav Education Department UP dbt transfer School Chalo Abhiyan Green Environment Cashless Healthcare Teacher Welfare मुख्यमंत्री शिक्षक कैशलेस चिकित्सा योजना Teacher Cashless Medical Scheme Health Insurance Teachers Student Benefit Scheme Uniform Grant PM Poshan Yojana Cooks Honor Nipun Bharat Moringa Plantation BSA Poonam Mishra Teacher Health Security


Comments