मक्के के खेत में दौड़ा करंट बना काल, चाचा-भतीजे की दर्दनाक मौत

 धान की रोपाई करने पहुंचे दोनों की मौके पर मौत

Swatantra Prabhat UP Picture
Published On

बहरिया (प्रयागराज)। बहरिया थाना क्षेत्र के खालसा गांव में बुधवार शाम एक हृदयविदारक हादसे ने पूरे क्षेत्र को झकझोर कर रख दिया। मक्के के खेत की सुरक्षा के लिए कथित रूप से दौड़ाए गए बिजली के करंट की चपेट में आने से चाचा-भतीजे की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। घटना के बाद गांव में अफरा-तफरी मच गई और कुछ ही देर में बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। परिजनों के विलाप से माहौल गमगीन हो गया।
 
मृतकों की पहचान अर्पित (14 वर्ष) पुत्र सुरेंद्र कुमार तथा कमलेश कुमार (29 वर्ष) पुत्र सीताराम के रूप में हुई है। अर्पित अपने माता-पिता का इकलौता पुत्र था, जबकि कमलेश पांच भाइयों में सबसे छोटा था। दोनों रिश्ते में चाचा-भतीजे थे और एक ही परिवार के दो सदस्यों की एक साथ मौत से पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई।
 
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार बुधवार शाम करीब पांच बजे बारिश रुकने के बाद दोनों धान की रोपाई करने खेत पहुंचे थे। आरोप है कि पास के मक्के के खेत को जंगली जानवरों से बचाने के लिए अवैध रूप से बिजली का तार बिछाकर उसमें करंट प्रवाहित किया गया था। लगातार बारिश के कारण करंट आसपास के खेतों तक फैल गया। जैसे ही अर्पित और कमलेश खेत में पहुंचे, वे करंट की चपेट में आ गए और गंभीर रूप से झुलस गए। दोनों की मौके पर ही मौत हो गई।
 
पास के खेत में काम कर रही महिलाओं ने घटना होते देख शोर मचाया, जिसके बाद आसपास के ग्रामीण दौड़कर मौके पर पहुंचे। सबसे पहले बिजली आपूर्ति बंद कराई गई और दोनों को बचाने का प्रयास किया गया, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी।
 
घटना से आक्रोशित परिजनों और ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि गांव के एक व्यक्ति ने अपने खेत की सुरक्षा के लिए अवैध रूप से बिजली का करंट दौड़ा रखा था। उनकी लापरवाही के कारण दो परिवारों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। ग्रामीणों ने दोषी के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की मांग की।
 
सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष मानवेन्द्र सिंह पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। उन्होंने स्थिति को नियंत्रित करते हुए लोगों को शांत कराया और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया तथा साक्ष्य जुटाकर जांच शुरू कर दी।
 
वहीं एसीपी फूलपुर विवेक यादव ने बताया कि परिजनों की तहरीर के आधार पर संबंधित व्यक्ति के विरुद्ध गैर इरादतन हत्या का मुकदमा दर्ज किया जा रहा है। आरोपी से पूछताछ की जा रही है और मामले की गहन जांच जारी है। पुलिस का कहना है कि जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

About The Author

Post Comments

Comments

संबंधित खबरें