25 हजार की रिश्वत लेते रुधौली के लेखपाल प्रेम पाल सिंह गिरफ्तार

एंटी करप्शन की ट्रैप कार्रवाई से तहसील में हड़कंप

Swatantra Prabhat Desk Picture
Published On

बस्ती। बस्ती जिले केरुधौली  तहसील में बुधवार को भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए भ्रष्टाचार निवारण संगठन (एंटी करप्शन) की टीम ने राजस्व लेखपाल प्रेम पाल सिंह को 25 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। कार्रवाई के बाद तहसील परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया और राजस्व विभाग के कर्मचारियों में हलचल तेज हो गई।
 
मामला ग्राम दुदराक्ष, थाना रुधौली निवासी शिकायतकर्ता बिहारी लाल से जुड़ा है। आरोप है कि खतौनी में नाम दर्ज कराने के लिए लेखपाल ने 25 हजार रुपये की मांग की थी। शिकायतकर्ता ने 17 फरवरी को भ्रष्टाचार निवारण संगठन, बस्ती इकाई में लिखित शिकायत दर्ज कराई। शिकायत को गंभीरता से लेते हुए संगठन ने आवश्यक कानूनी औपचारिकताएं पूरी कर योजनाबद्ध तरीके से ट्रैप बिछाया।
 
बुधवार को टीम ने दो स्वतंत्र लोकसेवक साक्षियों की मौजूदगी में कार्रवाई को अंजाम दिया। सूत्रों के अनुसार, तहसील परिसर के बाहर लेनदेन की सूचना पर टीम पहले से निगरानी कर रही थी। जैसे ही रुपये का आदान-प्रदान हुआ, टीम ने तत्काल दबिश देकर प्रेम पाल सिंह को 25 हजार रुपये के साथ पकड़ लिया। इसके बाद उन्हें हिरासत में लेकर मुख्यालय के लिए रवाना किया गया।
 
गिरफ्तार लेखपाल प्रेम पाल सिंह, पुत्र पहुंची लाल, मूल निवासी ग्राम आलई, पोस्ट धनवां, थाना जसवंत नगर, जनपद इटावा हैं और वर्तमान में तहसील रुधौली, जनपद बस्ती में तैनात थे। गिरफ्तारी के बाद आरोपी के विरुद्ध वाल्टरगंज थाना में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और पूछताछ जारी है।
 
बताया जा रहा है कि एंटी करप्शन टीम सुबह से ही जनपद के विभिन्न स्थानों पर निगरानी कर रही थी। जिले में इससे पहले भी भ्रष्टाचार से जुड़े मामलों में संगठन की ओर से कार्रवाई की जा चुकी है। इस ताजा ट्रैप कार्रवाई को आमजन भ्रष्टाचार के खिलाफ कड़ा संदेश मान रहे हैं। 

About The Author

Post Comments

Comments

संबंधित खबरें

नवीनतम समाचार