नवीनतम
फीचर्ड
राजनीति
डीएपी की किल्लत पर कृषि विभाग का छापा, आधा दर्जन खाद केंद्रों में मचा हड़कंप
संयुक्त कृषि निदेशक ने दुकानों और समितियों पर पहुंचकर खंगाले स्टॉक रजिस्टर, किसानों को निर्धारित दर पर खाद बेचने की दी सख्त चेतावनी ।
मोहनलालगंज, लखनऊ। किसानों को खाद की किल्लत और कालाबाजारी से बचाने के लिए कृषि विभाग ने शनिवार को मोहनलालगंज क्षेत्र में ताबड़तोड़ निरीक्षण अभियान चलाया। संयुक्त कृषि निदेशक (उर्वरक) हरेंद्र मिश्रा ने आधा दर्जन उर्वरक बिक्री केंद्रों और सहकारी समितियों पर छापेमारी कर खाद के स्टॉक और बिक्री व्यवस्था की पड़ताल की। जांच के दौरान कई केंद्रों पर यूरिया और एनपीके उपलब्ध मिला, जबकि डीएपी का स्टॉक न मिलने से अधिकारियों ने आपूर्ति सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए।
संयुक्त कृषि निदेशक ने फसल सुरक्षा केंद्र मोहनलालगंज, इको फ्रेंडली मोहनलालगंज, पटेल कृषि जंक्शन लालपुर और बी-पैक्स समिति लालपुर समेत करीब आधा दर्जन केंद्रों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने स्टॉक रजिस्टर खंगालने के साथ उपलब्ध खाद का भौतिक सत्यापन किया और बिक्री संबंधी अभिलेखों की जांच की। फसल सुरक्षा केंद्र पर यूरिया और एनपीके उपलब्ध मिला, लेकिन डीएपी का स्टॉक नहीं पाया गया। अन्य केंद्रों पर भी खाद की उपलब्धता की स्थिति का जायजा लिया गया। एक केंद्र पर यूरिया, एनपीके और एसएसपी मिला, जबकि डीएपी नदारद रही।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने केवल कागजी आंकड़ों पर भरोसा करने के बजाय सीधे किसानों से फोन पर खाद की बिक्री का फीडबैक भी लिया। संयुक्त कृषि निदेशक ने किसान सचिन कुमार, हीरालाल और प्रदीप द्विवेदी से बातचीत कर जानकारी ली कि उन्हें खाद निर्धारित सरकारी मूल्य पर मिल रही है या नहीं। साथ ही अधिक कीमत वसूले जाने और खाद खरीदने में आ रही दिक्कतों के बारे में भी पूछा।
उन्होंने उर्वरक विक्रेताओं को स्पष्ट चेतावनी दी कि किसानों को निर्धारित मूल्य पर ही खाद उपलब्ध कराई जाए। खाद की बिक्री में ओवररेटिंग, स्टॉक में गड़बड़ी अथवा किसी भी तरह की अनियमितता सामने आने पर संबंधित विक्रेता के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। जिन केंद्रों पर डीएपी उपलब्ध नहीं मिली, वहां इसकी आपूर्ति सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए गए।
इस दौरान मोहनलालगंज के सहायक विकास अधिकारी (कृषि) सोमनाथ यादव भी मौजूद रहे। अधिकारियों ने विक्रेताओं को स्टॉक और बिक्री का रिकॉर्ड नियमित रूप से अपडेट रखने तथा किसानों को पारदर्शी व्यवस्था के तहत उर्वरक उपलब्ध कराने की हिदायत दी।
lucknow news Agriculture Department mohanlalganj news farmers news fertilizer stock Fertilizer Price Control Uttar Pradesh Agriculture News #SwatantraPrabhat Farmer Welfare Fertilizer Supply Fertilizer Shortage Cooperative Societies Fertilizer Black Marketing Fertilizer Inspection Fertilizer Dealers agricultural subsidy #FarmersNews Urea Availability DAP Fertilizer NPK Fertilizer SSP Fertilizer Harendra Mishra Fertilizer Stock Verification Overpricing of Fertilizers Agricultural Department Inspection


Comments