फीचर्ड
राजनीति
भारत
वाराणसी खंड स्नातक-शिक्षक निर्वाचन के लिए पोलिंग पार्टियां रवाना, कल होगा मतदान
सोनभद्र में स्नातक निर्वाचन के लिए 21 और शिक्षक निर्वाचन के लिए 13 मतदेय स्थल निर्धारित
निष्पक्ष, पारदर्शी एवं शांतिपूर्ण मतदान कराने के लिए जिला निर्वाचन अधिकारी ने दिए आवश्यक निर्देश
राजेश तिवारी ( ब्यूरो रिपोर्ट)
सोनभद्र / उत्तर प्रदेश
वाराणसी खंड स्नातक एवं शिक्षक निर्वाचन-2026 को सकुशल संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन ने तैयारियां पूरी कर ली हैं। मतदान प्रक्रिया संपन्न कराने के लिए कलेक्ट्रेट परिसर से पोलिंग पार्टियों को निर्वाचन सामग्री के साथ उनके निर्धारित मतदेय स्थलों के लिए रवाना किया गया। जनपद में स्नातक निर्वाचन के लिए 21 तथा शिक्षक निर्वाचन के लिए 13 मतदेय स्थल निर्धारित किए गए हैं।

जिला निर्वाचन अधिकारी एवं जिलाधिकारी चर्चित गौड़ के निर्देशन में पोलिंग पार्टियों को आवश्यक निर्वाचन सामग्री उपलब्ध कराकर निर्धारित केंद्रों के लिए रवाना किया गया। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, 23 अक्टूबर 2026 को सुबह आठ बजे से शाम चार बजे तक मतदान कराया जाएगा।
इस दौरान जिला निर्वाचन अधिकारी ने संबंधित अधिकारियों एवं मतदान कार्मिकों को निर्देश दिए कि विधान परिषद के वाराणसी खंड स्नातक एवं शिक्षक निर्वाचन की प्रक्रिया स्वतंत्र, निष्पक्ष, पारदर्शी एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराई जाए। उन्होंने निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित करने तथा मतदान के दौरान पूरी सतर्कता एवं जिम्मेदारी के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने पर जोर दिया।
जिलाधिकारी ने कहा कि सभी मतदेय स्थलों पर आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित रखी जाएं, ताकि मतदान प्रक्रिया सुचारु रूप से संपन्न हो सके। निर्वाचन कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने और निर्वाचन संबंधी सभी व्यवस्थाओं पर सतत निगरानी बनाए रखने के निर्देश भी दिए।
जिला प्रशासन का लक्ष्य विधान परिषद निर्वाचन को शांतिपूर्ण, व्यवस्थित एवं पारदर्शी तरीके से संपन्न कराना है। इसके लिए सभी संबंधित अधिकारियों एवं कार्मिकों को निर्धारित जिम्मेदारियों का पूरी निष्ठा से पालन करने के निर्देश दिए गए हैं।


Comments