मान्यता प्राप्त पत्रकारों को मिलेगी कैशलेस इलाज की सुविधा, आयुष्मान पोर्टल होगा शुरू
एक सप्ताह में पत्रकारों और उनके आश्रितों का विवरण अपलोड करने के निर्देश, सूचना निदेशक ने प्रक्रिया में तेजी लाने को कहा
लखनऊ, 27 अक्टूबर। उत्तर प्रदेश में मान्यता प्राप्त पत्रकारों और उनके आश्रितों को आयुष्मान भारत-प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना (एबी-पीएमजेएवाई) के तहत कैशलेस चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने की दिशा में पहल तेज हो गई है। इसके लिए विकसित नए पोर्टल को शुरू करने पर सहमति दे दी गई है। सूचना निदेशक विशाल सिंह की अध्यक्षता में मंगलवार को सूचना निदेशालय के सभागार में पोर्टल के संचालन को लेकर प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया।
प्रशिक्षण के दौरान स्टेट हेल्थ एजेंसी के अधिकारियों ने पोर्टल की कार्यप्रणाली और आवेदन प्रक्रिया की जानकारी दी। मान्यता प्राप्त पत्रकारों तथा उनके आश्रितों के आयुष्मान कार्ड जारी करने, आवेदन के सत्यापन और कार्ड डाउनलोड करने की प्रक्रिया का लाइव प्रदर्शन भी किया गया। कार्यक्रम में सूचना निदेशालय मुख्यालय के साथ प्रदेश के सभी जिला सूचना कार्यालयों के अधिकारी और कर्मचारी शामिल हुए।
एक सप्ताह में विवरण अपलोड करने के निर्देश
सूचना निदेशक विशाल सिंह ने कहा कि पोर्टल को सरल और सुगम बनाया गया है, ताकि पात्र पत्रकारों और उनके परिजनों को चिकित्सा सुविधा का लाभ जल्द मिल सके। उन्होंने सभी जिला सूचना अधिकारियों को निर्देश दिया कि जिन मान्यता प्राप्त पत्रकारों और उनके आश्रितों के आयुष्मान कार्ड अभी तक नहीं बने हैं, उनकी आवश्यक औपचारिकताएं पूरी कर एक सप्ताह के भीतर संबंधित विवरण पोर्टल पर अपलोड किया जाए।.jpeg)
उन्होंने जिला कार्यालयों को इस संबंध में मुख्यालय को भी जानकारी देने के निर्देश दिए, ताकि आगे की प्रक्रिया समयबद्ध ढंग से पूरी की जा सके। सूचना निदेशक ने स्पष्ट किया कि इस कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं होनी चाहिए।
बैठक में वरिष्ठ वित्त एवं लेखाधिकारी संजय कुमार सिंह, सहायक निदेशक सतीश चंद्र भारती, डॉ. जितेंद्र प्रताप सिंह, अमित कुमार यादव सहित अन्य अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।


Comments