फीचर्ड
राजनीति
भारत
पलवल में 51 हजार का इनामी बंदर पकड़ा गया, 10 दिन की मशक्कत के बाद मिली सफलता
एक दर्जन से अधिक लोगों को काटकर कर चुका था घायल, बंदर को पीठ पर लादकर ले जाने का वीडियो वायरल; भीड़ के व्यवहार पर भी उठे सवाल
स्वतंत्र प्रभात।
पलवल। हरियाणा के पलवल जिले के हथीन क्षेत्र में लोगों के लिए परेशानी का कारण बने बंदर को आखिरकार करीब 10 दिनों की कोशिशों के बाद पकड़ लिया गया। बंदर को पकड़ने वाले के लिए 51 हजार रुपये का नकद इनाम घोषित किया गया था। स्थानीय लोगों के मुताबिक, बंदर अब तक एक दर्जन से अधिक लोगों को काटकर घायल कर चुका था, जिससे इलाके में दहशत का माहौल बना हुआ था।
बंदर के पकड़े जाने के बाद स्थानीय निवासियों ने राहत की सांस ली है। वहीं, उसे पकड़ने के बाद ले जाने का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
सोते समय भी लोगों पर कर देता था हमला
स्थानीय लोगों के अनुसार, बंदर अचानक लोगों पर हमला कर देता था। एक ग्रामीण ने बताया कि वह रात में गहरी नींद में सो रहा था, तभी बंदर उसकी पीठ पर आ बैठा और गर्दन पर हमला कर दिया। कमरे में रोशनी करने और उठने तक बंदर ने उसके हाथ पर भी काट लिया और फिर वहां से भाग गया।
लगातार हो रहे हमलों के कारण क्षेत्र के लोग परेशान थे। उन्होंने बंदर को जल्द पकड़ने की मांग की थी, ताकि लोगों को उसके हमलों से राहत मिल सके।
51 हजार रुपये के इनाम की हुई थी घोषणा
बंदर के आतंक से लोगों को राहत दिलाने के लिए हथीन नगर पालिका की चेयरपर्सन के पति ने उसे पकड़ने वाले को 51 हजार रुपये नकद देने की घोषणा की थी। इसके बाद उसे पकड़ने के प्रयास तेज किए गए। लगभग 10 दिनों की मशक्कत के बाद बंदर को पकड़ने में सफलता मिली।
पीठ पर लादकर ले जाने का वीडियो वायरल
बंदर को पकड़े जाने के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। वायरल वीडियो में एक व्यक्ति बंदर को अपनी पीठ पर लादकर रिहायशी इलाके से दूर ले जाता दिखाई दे रहा है। उसके पीछे लोगों की भीड़ भी चलती नजर आती है। वीडियो में कुछ लोग बंदर को थप्पड़ मारते हुए भी दिखाई दे रहे हैं।
Read More नवरात्रि की यादों में खोईं अभिनेत्री आस्था, बचपन में रोज जाती थीं मंदिर, मेले में करती थीं खरीदारीइस दृश्य को लेकर सोशल मीडिया पर सवाल उठ रहे हैं। लोगों की सुरक्षा के साथ-साथ वन्यजीव की सुरक्षा भी जरूरी है। ऐसे मामलों में पकड़े गए बंदर को सुरक्षित तरीके से वन्यजीव विभाग या अधिकृत बचाव दल को सौंपा जाना चाहिए।
बंदर को किस विभाग को सौंपा गया, स्थिति स्पष्ट नहीं
लगातार हमलों से परेशान हथीन के निवासियों ने बंदर के पकड़े जाने पर राहत जताई है। हालांकि, वायरल वीडियो में भीड़ के व्यवहार को लेकर भी चर्चा हो रही है। उपलब्ध जानकारी के अनुसार, यह स्पष्ट नहीं है कि बंदर को पकड़ने के बाद वन्यजीव विभाग या किसी अधिकृत बचाव दल को सौंपा गया है या नहीं।


Comments