जीएसटी एसआईबी की 11 टीमों ने दो दुकानों और सात गोदामों में की छापेमारी
बिना जीएसटी दस्तावेजों के लोहे का माल मिलने का दावा, ट्रक कब्जे में लेने के बाद शुरू हुई जांच; रविवार को सीलिंग की तैयारी
तिलहर। लोहे के कारोबार में जीएसटी से जुड़ी अनियमितताओं की आशंका पर विशेष अनुसंधान शाखा (एसआईबी) की टीम ने तिलहर में बड़ी कार्रवाई की। शुक्रवार को बिना जीएसटी से संबंधित वैध दस्तावेजों के लोहे का परिवहन किए जाने के मामले में एक ट्रक को कब्जे में लेने के बाद विभागीय अधिकारियों ने शनिवार को दो व्यापारियों की दुकानों और सात गोदामों पर जांच अभियान चलाया। करीब 11 टीमों ने एक साथ पहुंचकर दुकानों और गोदामों में रखे माल की पड़ताल की तथा कारोबार से संबंधित अभिलेख खंगाले। विभागीय अधिकारियों ने जांच के दौरान बिना जीएसटी दस्तावेजों के माल मिलने का दावा किया है। जांच पूरी होने के बाद रविवार सुबह दुकानों और गोदामों को सील करने की तैयारी की जा रही है।
नगर पालिका के गेट के सामने बिरियागंज में स्थित विवेक अग्रवाल और वैभव अग्रवाल की दुकानों तथा लखनऊ-दिल्ली हाईवे पर अग्रवाल धर्मकांटे के पास बने गोदामों को लेकर जीएसटी विभाग की कार्रवाई शुक्रवार को शुरू हुई थी। डिप्टी कमिश्नर अनिरुद्ध सिंह के नेतृत्व में विभागीय टीम ने लोहे से भरे एक ट्रक को वैध जीएसटी दस्तावेजों के अभाव में कब्जे में लिया। इसके बाद संबंधित व्यापारियों की दुकानों और गोदामों पर जांच के लिए टीम पहुंची, लेकिन वहां ताले लगे मिले। दुकानों के संचालक भी मौके पर मौजूद नहीं थे। जानकारी जुटाने पर बताया गया कि अचानक तबीयत खराब होने के कारण वे उपचार कराने के लिए दिल्ली जा रहे हैं।
-ताले खुलवाकर की जांच -
शुक्रवार को दुकानों और गोदामों में ताले लगे मिलने के बाद विभागीय टीम ने आगे की कार्रवाई के लिए उच्चाधिकारियों को जानकारी दी। शनिवार सुबह एसआईबी प्रभारी अनिरुद्ध सिंह के नेतृत्व में करीब 11 टीमों ने दो दुकानों और सात गोदामों में जांच अभियान शुरू किया। अधिकारियों ने ताले खुलवाकर वहां रखे लोहे के माल का निरीक्षण किया और उपलब्ध जीएसटी दस्तावेजों का मिलान किया। कारोबार से संबंधित अन्य अभिलेख भी जांच के लिए अपने कब्जे में लिए गए।
Read More कुशीनगर : सम्पूर्ण समाधान दिवस में डीएम ने सुनीं जनसमस्याएं, 39 में से दो मामलों का निस्तारण=दो दुकानों और दो पंजीकृत गोदामों में बिना जीएसटी का माल मिलने का दावा-
एसआईबी टीम प्रभारी अनिरुद्ध सिंह के अनुसार, जांच के दौरान दोनों दुकानों पर बिना जीएसटी दस्तावेजों के माल मिला। इसके अलावा दो पंजीकृत गोदामों में भी ऐसा माल मिलने की बात कही गई है। वहीं, पांच अन्य गोदाम अवैध पाए जाने का दावा किया गया है। इन गोदामों में रखे माल के संबंध में भी जीएसटी से जुड़े आवश्यक दस्तावेज नहीं मिले। विभागीय अधिकारी माल की मात्रा, उपलब्ध अभिलेखों और कारोबार से संबंधित अन्य पहलुओं की पड़ताल कर रहे हैं। हालांकि, कर चोरी की अंतिम स्थिति जांच पूरी होने और संबंधित दस्तावेजों के सत्यापन के बाद ही स्पष्ट होगी।
=देर शाम तक जारी रही जांच, सीलिंग की तैयारी-
शनिवार सुबह करीब 11 बजे शुरू हुई जांच शाम छह बजे तक पूरी नहीं हो सकी थी। विभागीय अधिकारियों के मुताबिक, जांच पूरी होने के बाद उच्चाधिकारियों के निर्देश पर रविवार सुबह संबंधित दुकानों और गोदामों को सील करने की कार्रवाई की जा सकती है। इसके बाद मामले में नियमानुसार विधिक कार्रवाई की जाएगी।
जीएसटी विभाग की इस कार्रवाई से नगर के व्यापारियों में दिनभर चर्चाएं होती रहीं। लोहे के कारोबार से जुड़े प्रतिष्ठानों पर एक साथ कई टीमों के पहुंचने और ट्रक को कब्जे में लिए जाने से बाजार में हलचल बनी रही।
कार्रवाई के दौरान आयकर अधिकारी ताराचंद उपाध्याय, असिस्टेंट कमिश्नर राहुल कुमार, बरेली की असिस्टेंट कमिश्नर मुन्नी देवी, अनुज कुमार, टैक्स ऑफिसर प्रदीप कुमार, पीलीभीत की टीम के अधिकारी पंकज, असिस्टेंट कमिश्नर कल्पना सहित विभाग के अन्य अधिकारी मौजूद रहे।


Comments