वर्षों से जर्जर चीरुडीह-रसिया टोला सड़क की सुध नहीं, ग्रामीणों में आक्रोश
छात्रों और महिलाओं का आवागमन जोखिम भरा, उपायुक्त से पुनर्निर्माण की मांग
पाकुड़िया, पाकुड़, झारखंड:- पाकुड़िया प्रखंड की लागडुम पंचायत के रसिया टोला से तालवा-सालपानी आरईओ सड़क तक जाने वाली पक्की सड़क वर्षों से जर्जर है। सड़क का पुनर्निर्माण नहीं होने से ग्रामीणों में गहरा रोष है। ग्रामीण महिलाओं, विद्यार्थियों एवं अन्य लोगों को आवागमन में परेशानी हो रही है। ग्रामीणों ने उपायुक्त से क्षतिग्रस्त सड़क का शीघ्र पुनर्निर्माण कराने की मांग की है।
12 अक्टूबर को चीरुडीह टोला के ग्रामीणों ने बताया कि यह सड़क प्रखंड की अंतिम सीमा स्थित रसिया टोला से प्रसिद्ध साप्ताहिक लागडुम हाट होते हुए तालवा-सालपानी आरईओ सड़क तक जाती है। इस मार्ग से लागडुम के अलावा महेशपुर प्रखंड के दुम-दुमी सहित आसपास के कई गांवों के लोगों का आवागमन होता है। सड़क की बदहाली के कारण विशेषकर बरसात में लोगों को काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है।
ग्रामीणों के अनुसार, सड़क पर स्टोन मेटल बिखरे होने से पैदल चलना भी जोखिम भरा हो गया है। विद्यार्थियों को साइकिल से लागडुम मध्य विद्यालय तथा पाकुड़िया स्थित सिदो-कान्हू चौक के पास के प्लस टू विद्यालय आने-जाने में परेशानी होती है। वहीं, सड़क की खराब स्थिति के कारण ऑटो और टोटो का परिचालन भी प्रभावित है। इससे ग्रामीण महिलाओं को पाकुड़िया बाजार सहित अन्य स्थानों तक पहुंचने में अधिक समय और परेशानी उठानी पड़ती है।
ग्राम प्रधान रनीस हांसदा ने कहा कि चीरुडीह की यह सड़क वर्षों से बदहाल है, लेकिन अब तक जनप्रतिनिधियों और जिला के अधिकारियों ने इसके पुनर्निर्माण की दिशा में पहल नहीं की है। उन्होंने कहा कि सड़क बनने से विद्यार्थियों, महिलाओं और अन्य ग्रामीणों को आवागमन में राहत मिलेगी।
इस संबंध में सोदो किस्कू, सोलेमान किस्कू, बुद्धिश्वर हेम्ब्रम, सिलास टुडू, दाउद किस्कू, जितेन हांसदा, कलम हांसदा, जीवन मुर्मू, महेंद्र मुर्मू, महांतो हांसदा, सिलवास्टेन टुडू, ग्राम प्रधान रनीस हांसदा, अल्फ्रेड मुर्मू एवं समाजसेवी हरेन्द्र नाथ मुर्मू समेत अन्य ग्रामीणों ने सड़क निर्माण की स्वीकृति नहीं मिलने पर नाराजगी जताई। ग्रामीणों ने उपायुक्त से जर्जर सड़क का निरीक्षण कराकर जल्द पुनर्निर्माण की पहल करने की मांग की है।
#RuralDevelopment #SwatantraPrabhat #ग्रामीणविकास #PakurNews #पाकुड़समाचार #JharkhandNews #RoadRepair #RoadConstruction #PublicIssues #सड़कपुनर्निर्माण #सड़कनिर्माण #जर्जरसड़क #VillageRoad #ग्रामीणसमस्या #पाकुड़िया #पाकुड़ #झारखंडन्यूज #चीरुडीह #रसियाटोला #लागडुमपंचायत #उपायुक्त #सड़ककीसमस्या #छात्रोंकीपरेशानी #महिलाओंकीसुरक्षा #PakuriyaNews


Comments