अमेठी में एक साथ तीन विधायकों ने ली भाजपा की सदस्यता
एक छत के नीचे आई काशी, अवध ,बुंदेलखंड की ताकत - स्मृति ईरानी
अमेठी। उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले समाजवादी पार्टी (सपा) के तीन बागी विधायक बुधवार को अमेठी में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) में शामिल हो गए। इनमें अमेठी की गौरीगंज विधानसभा सीट से राकेश प्रताप सिंह, अयोध्या जिले की गोसाईगंज सीट से अभय सिंह और जालौन जिले की कालपी सीट से विनोद चतुर्वेदी शामिल हैं। भाजपा के सदस्यता कार्यक्रम तथा पार्टी की राष्ट्रीय महामंत्री स्मृति ईरानी तथा प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी मौजूद रहे।
कार्यक्रम के दौरान भाजपा नेताओं ने कांग्रेस और समाजवादी पार्टी पर परिवारवाद तथा जाति आधारित राजनीति करने का आरोप लगाया। नेताओं ने 2027 के विधानसभा चुनाव में भाजपा की लगातार तीसरी बार सरकार बनाने का दावा भी किया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए भाजपा की राष्ट्रीय महामंत्री स्मृति ईरानी ने कांग्रेस पर निर्वाचन आयोग को निशाना बनाकर लोकतांत्रिक व्यवस्था को कमजोर करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस अपने युवराज को शहंशाह बनाना चाहती है और विपक्षी दलों को एकजुट करने से भी उसे सफलता नहीं मिलेगी।
स्मृति ईरानी ने कहा, "गांधी परिवार में अमेठी में अकेले चुनाव लड़ने का साहस नहीं है और उसे समाजवादी पार्टी के समर्थन की आवश्यकता पड़ती है।"उन्होंने दावा किया कि उत्तर प्रदेश में कांग्रेस लगातार नौ चुनाव हार चुकी है और वर्ष 1989 से प्रदेश की सत्ता से बाहर है। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र को कमजोर करने के प्रयासों का भाजपा का प्रत्येक कार्यकर्ता जवाब देने के लिए तैयार है।गौरतलब है कि अमेठी कांग्रेस का पारंपरिक राजनीतिक गढ़ रहा है। वर्ष 2019 के लोकसभा चुनाव में स्मृति ईरानी ने तत्कालीन कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी को हराया था।
उत्तर प्रदेश भाजपा अध्यक्ष एवं केंद्रीय मंत्री पंकज चौधरी ने कहा कि भाजपा 2027 के विधानसभा चुनाव में निर्णायक जीत हासिल कर प्रदेश में लगातार तीसरी बार सरकार बनाएगी।उन्होंने कहा कि भारत किसी व्यक्ति या परिवार की संपत्ति नहीं है। उनके अनुसार, देश में जातिवाद और परिवारवाद की राजनीति का प्रभाव खत्म हो रहा है। पंकज चौधरी ने कहा कि तीनों विधायकों ने अपने पुराने राजनीतिक माहौल में घुटन महसूस होने के कारण तथा अपनी अंतरात्मा की आवाज पर भाजपा का दामन थामा है।
उन्होंने कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर विदेश में दिए गए बयानों से भारत की छवि को नुकसान पहुंचाने का आरोप भी लगाया।उन्होंने कहा कि अमेठी और रायबरेली के विकास के लिए प्रदेश सरकार के संसाधन उपलब्ध रहेंगे।भाजपा सांसद एवं ओबीसी मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमर पाल मौर्य ने सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि पार्टी राममनोहर लोहिया और मुलायम सिंह यादव के समाजवादी आदर्शों से दूर हो गई है। उन्होंने कहा कि सपा समाज के बजाय यादव परिवार के हितों पर अधिक ध्यान दे रही है।
राकेश प्रताप सिंह गौरीगंज से तीन बार सपा के टिकट पर विधायक चुने गए राकेश प्रताप सिंह ने कहा कि वह अब भाजपा में शामिल होकर अपने विधानसभा क्षेत्र में पार्टी की जीत सुनिश्चित करने के लिए काम करेंगे। उन्होंने वर्ष 2012, 2017 और 2022 के विधानसभा चुनावों में गौरीगंज सीट पर जीत दर्ज की थी।वर्ष 2024 के राज्यसभा चुनाव में भाजपा प्रत्याशी के पक्ष में मतदान करने के बाद राकेश प्रताप सिंह और अभय सिंह के सपा नेतृत्व से मतभेद बढ़ गए थे। जून 2025 में दोनों को पार्टी से निष्कासित कर दिया गया था।
इसके बाद वे किसी दल से संबद्ध नहीं रहे ।गोसाईगंज के विधायक अभय सिंह ने रामचरितमानस विवाद का उल्लेख करते हुए कहा कि वह सपा नेतृत्व के रवैये से असंतुष्ट थे। उन्होंने आरोप लगाया कि भगवान श्रीराम के कथित अपमान के मुद्दे पर पार्टी नेतृत्व ने अपेक्षित विरोध नहीं किया। उन्होंने 2027 के विधानसभा चुनाव में सपा प्रत्याशी को बड़े अंतर से हराने का दावा किया। कालपी के विधायक विनोद चतुर्वेदी ने बुंदेलखंड में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की सरकारों के कार्यों का उल्लेख किया।
उन्होंने सपा की कथित जातिवादी राजनीति का विरोध करते हुए भाजपा में शामिल होने की बात कही।गौरीगंज में आयोजित सदस्यता कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लोगों की मौजूदगी रही। इसे राकेश प्रताप सिंह के शक्ति प्रदर्शन के रूप में भी देखा गया।कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश सरकार के मंत्री दयाशंकर सिंह, राज्य मंत्री कृष्णा पासवान, राज्य मंत्री मयंकेश्वर शरण सिंह, जिला अध्यक्ष सुधांशु शुक्ला,दारा सिंह चौहान और दिनेश सिंह के अलावा पूर्व केंद्रीय मंत्री संजीव बालियान सहित भाजपा के कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे।राजनीतिक दृष्टि से यह घटनाक्रम 2027 के उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव से पहले महत्वपूर्ण माना जा रहा है। तीन विधायकों के भाजपा में शामिल होने से प्रदेश की राजनीति में नई हलचल पैदा हुई ।
#SwatantraPrabhat #उत्तरप्रदेशराजनीति #SamajwadiParty #समाजवादीपार्टी #SmritiIrani #BJP #भाजपा #UttarPradeshPolitics #UPAssemblyElection2027 #PankajChaudhary #गौरीगंज #गोसाईगंज #RakeshPratapSingh #स्मृतिइरानी #अमेठीन्यूज #पंकजचौधरी #राकेशप्रतापसिंह #अभयसिंह #विनोदचतुर्वेदी #यूपीविधानसभाचुनाव2027 #भाजपासदस्यता #कालपी #अमेठीराजनीति #AbhaySingh #VinodChaturvedi


Comments