प्रयागराज में मगध एक्सप्रेस में महिला का बैग चोरी

डेबिट कार्ड से निकाले ₹15 हजार

हर्षिता यादव  Picture
Published On

ब्यूरो प्रयागराज । मगथ एक्सप्रेस में सफर कर रही 51 वर्षीय महिला का गहनों और नकदी से भरा बैग चोरी होने का मामला सामने आया है। पीड़ित परिवार का आरोप है कि घटना के बाद आरपीएफ और जीआरपी से मदद मांगने के बावजूद तत्काल शिकायत दर्ज नहीं की गई। मामले में महिला की बेटी निशु सिंह ने रेलवे से शिकायत की है।
 
परिवार के मुताबिक, घटना 13 अक्टूबर की सुबह करीब छह बजे प्रयागराज जंक्शन पर हुई। आरोप है कि एक युवक ट्रेन के कोच में पहुंचा और महिला का बैग छीनकर फरार हो गया। बैग में सोने की चेन, दो अंगूठियां, दो ईयररिंग, 15 हजार रुपये नकद, मोबाइल फोन, डेबिट और क्रेडिट कार्ड सहित अन्य सामान रखा था।
 
डेबिट कार्ड से निकाले गए 15 हजार रुपये
 
परिवार का कहना है कि बैग चोरी होने के बाद महिला के डेबिट कार्ड से 15 हजार रुपये निकाले जाने का मैसेज आया। यह लेनदेन प्रयागराज के तुलारामबाग स्थित एक एटीएम से हुआ बताया गया। इसकी जानकारी आरपीएफ को भी दी गई, लेकिन परिवार का आरोप है कि कार्रवाई के लिए उन्हें परेशान होना पड़ा।
 
इस्लामपुर जीआरपी पर भी शिकायत न लेने का आरोप
 
परिजनों के अनुसार, महिला ने अपने गंतव्य इस्लामपुर पहुंचने के बाद जीआरपी में शिकायत दर्ज कराने की कोशिश की, लेकिन शुरुआत में शिकायत नहीं ली गई। आरोप है कि बाद में सादे कागज पर घटना का विवरण लिखवाकर हस्ताक्षर कराए गए, फिर भी तत्काल शिकायत स्वीकार नहीं की गई।
 
फतुहा में दर्ज हुई एफआईआर
 
आरपीएफ इंस्पेक्टर अमित राणा के मुताबिक, मामला छिनैती का नहीं, बल्कि चोरी का है। उनके अनुसार, महिला लोकेशन नहीं बता पा रही थी और सीसीटीवी फुटेज की जांच में भी कोई सुराग नहीं मिला। फिलहाल फतुहा में एफआईआर दर्ज होने की जानकारी दी गई है।

Post Comments

Comments

संबंधित खबरें