विजिलेन्स टीम ने कौशाम्बी मे आंगनबाड़ी सहायिका की नियुक्ति के नाम पर 15 हजार रुपये रिश्वत लेते आंगनबाड़ी कार्यकर्ती को किया गिरफ्तार

आंगनबाड़ी सहायिका के पद पर नियुक्ति कराने के नाम पर रिश्वत लेने वाली आंगनबाड़ी कार्यकर्ती को उत्तर प्रदेश सतर्कता अधिष्ठान, प्रयागराज सेक्टर की टीम ने गुरुवार को रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया।

Abhinav Shukla Picture
Published On

 स्वतंत्र प्रभात।
 
ब्यूरो प्रयागराज 
 
कौशांबी। आंगनबाड़ी सहायिका के पद पर नियुक्ति कराने के नाम पर रिश्वत लेने वाली आंगनबाड़ी कार्यकर्ती को उत्तर प्रदेश सतर्कता अधिष्ठान, प्रयागराज सेक्टर की टीम ने गुरुवार को रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। आरोपी कार्यकर्ती शिकायतकर्ता से 35 हजार रुपये रिश्वत की मांग कर रही थी। ट्रैप कार्रवाई के दौरान वह 15 हजार रुपये लेते पकड़ी गई।
 
जानकारी के मुताबिक, शिकायतकर्ता की बेटी रोशनी कुमारी ने आंगनबाड़ी सहायिका पद के लिए नौ दिसंबर 2025 को ऑनलाइन आवेदन किया था। शिकायतकर्ता के अनुसार, सिराथू बाल विकास परियोजना कार्यालय के अंतर्गत कोखराज पंचायत भवन में तैनात आंगनबाड़ी कार्यकर्ती रीना देवी ने उसे बताया कि उसकी बेटी को सहायिका पद पर नियुक्ति मिल जाएगी और इसके लिए सीडीपीओ मनोज कुमार वर्मा से मिलने की बात कही।
 
शिकायतकर्ता ने तीन अक्टूबर को सिराथू स्थित कार्यालय में सीडीपीओ से बेटी की नियुक्ति के संबंध में बातचीत की। आरोप है कि सीडीपीओ ने उसे रीना देवी से संपर्क करने के लिए कहा। इसके बाद शिकायतकर्ता ने फोन पर रीना देवी से बात की तो कथित तौर पर नियुक्ति के एवज में 35 हजार रुपये की मांग की गई। शिकायतकर्ता ने सीडीपीओ से भी संपर्क करने का प्रयास किया, लेकिन उन्हें रीना देवी से ही बात करने के लिए कहा गया।
 
शिकायतकर्ता के मुताबिक, सात अक्टूबर को रीना देवी ने दोबारा फोन कर जल्द रुपये की व्यवस्था करने को कहा। इस पर शिकायतकर्ता ने बताया कि उसके पास फिलहाल 15 हजार रुपये हैं। आरोप है कि रीना देवी ने आठ अक्टूबर को 15 हजार रुपये लेकर आने और शेष रकम बाद में देने को कहा।
 
रिश्वत देने के बजाय शिकायतकर्ता ने मामले की शिकायत उत्तर प्रदेश सतर्कता अधिष्ठान, प्रयागराज सेक्टर के पुलिस अधीक्षक से की। शिकायत का गोपनीय सत्यापन कराया गया, जिसमें मामला ट्रैप कार्रवाई के लिए उपयुक्त पाया गया।
 
इसके बाद सतर्कता अधिष्ठान की टीम ने गुरुवार को बाल विकास परियोजना अधिकारी सिराथू, कौशांबी के कार्यालय परिसर में जाल बिछाया। करीब 1:10 बजे एक कमरे में शिकायतकर्ता से 15 हजार रुपये रिश्वत लेते हुए रीना देवी पत्नी जमुना प्रसाद, निवासी कोखराज उपरहार, कौशांबी, वर्तमान में आंगनबाड़ी कार्यकर्ती, केंद्र कोखराज पंचायत भवन, को रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया गया। मामले में आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।
 
 

About The Author

Post Comments

Comments

संबंधित खबरें