ओबरा में गांधी जयंती पर सपा कार्यालय में विचार गोष्ठी का आयोजन, सपाईयो ने महात्मा गांधी एवं लाल बहादुर शास्त्री को किया नमन
सत्य, अहिंसा और सादगी के आदर्शों को आत्मसात करने का लिया संकल्प
स्वतंत्र प्रभात संवाददाता
ओबरा/ सोनभद्र -
राष्ट्रपिता महात्मा गांधी एवं देश के पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न लाल बहादुर शास्त्री जी की जयंती के अवसर पर समाजवादी पार्टी कार्यालय में गुरुवार को श्रद्धापूर्वक विचार गोष्ठी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता नगर अध्यक्ष सुनील पवार ने की, जबकि मुख्य वक्ता रमेश सिंह यादव एवं रमेश वर्मा रहे।
कार्यक्रम का शुभारंभ महात्मा गांधी एवं लाल बहादुर शास्त्री जी के चित्र पर माल्यार्पण एवं पुष्पांजलि अर्पित कर किया गया। उपस्थित पार्टी पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने दोनों महान विभूतियों को श्रद्धापूर्वक नमन किया।
मुख्य वक्ता रमेश सिंह यादव ने कहा कि महात्मा गांधी जी ने सत्य और अहिंसा को अपना अस्त्र बनाकर देश के स्वतंत्रता आंदोलन को नई दिशा दी। उन्होंने समाज में आपसी भाईचारे, समानता और सद्भाव का संदेश दिया। वहीं लाल बहादुर शास्त्री जी ने अपने सादगीपूर्ण जीवन, ईमानदारी और राष्ट्र के प्रति समर्पण से देशवासियों के सामने सेवा और कर्तव्यनिष्ठा की अद्भुत मिसाल प्रस्तुत की।
इसी क्रम में रमेश वर्मा ने कहा कि गांधी जी और शास्त्री जी के विचार केवल इतिहास का हिस्सा नहीं, बल्कि आज भी समाज और देश के लिए मार्गदर्शक हैं। गांधी जी का सत्य एवं अहिंसा का संदेश और शास्त्री जी का सादगी, स्वाभिमान तथा राष्ट्रसेवा का आदर्श आज की पीढ़ी को नई प्रेरणा देता है। उन्होंने कहा कि समाज में शांति, सद्भाव, सामाजिक न्याय और भाईचारे को मजबूत करना ही इन महापुरुषों के प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी।
अध्यक्षीय संबोधन में नगर अध्यक्ष सुनील पवार ने कहा कि महात्मा गांधी और लाल बहादुर शास्त्री जी ने अपना पूरा जीवन देश और समाज की सेवा में समर्पित किया। आज आवश्यकता है कि हम उनके आदर्शों को अपने आचरण में उतारें और समाज के प्रत्येक वर्ग के सम्मान एवं अधिकार के लिए मिलकर कार्य करें।
गोष्ठी में उपस्थित समाजवादी पार्टी के पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने दोनों महापुरुषों के विचारों को जन-जन तक पहुंचाने तथा सामाजिक एकता, भाईचारा और लोकतांत्रिक मूल्यों को मजबूत करने का संकल्प लिया।
इस अवसर पर सत्येन्द्र मोहन ओझा, महासचिव सह सेक्टर प्रभारी ओबरा, जिला पंचायत क्षेत्र निगाई सहित समाजवादी पार्टी के अनेक पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के अंत में महात्मा गांधी एवं लाल बहादुर शास्त्री जी को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उनके आदर्शों पर चलने का संकल्प लिया गया।


Comments