राजपाल यादव को प्रेयर मीट से निकाला गया? वायरल वीडियो की सामने आई सच्चाई
मुश्ताक खान की श्रद्धांजलि सभा का अधूरा वीडियो वायरल, सेल्फी लेने पहुंचे शख्स को लेकर हुआ था विवाद
मुंबई। अभिनेता राजपाल यादव इन दिनों एक वायरल वीडियो को लेकर चर्चा में हैं। सोशल मीडिया पर सामने आए एक वीडियो में दावा किया जा रहा है कि दिवंगत अभिनेता मुश्ताक खान की प्रार्थना सभा के दौरान राजपाल यादव के साथ बदसलूकी हुई और उन्हें वहां से बाहर जाने के लिए कहा गया। हालांकि, मौके पर मौजूद वीडियो जर्नलिस्ट सुधीर जेना के अनुसार वायरल वीडियो की तस्वीर अधूरी है और इसे गलत संदर्भ में प्रसारित किया जा रहा है।
बताया गया कि प्रार्थना सभा से निकलते समय राजपाल यादव के पास एक व्यक्ति सेल्फी लेने के लिए पहुंच गया। शोक सभा की गंभीरता के बीच उस व्यक्ति के बार-बार तस्वीर लेने की कोशिश पर वहां मौजूद लोगों ने आपत्ति जताई। इसी दौरान एक महिला की नाराजगी कैमरे में रिकॉर्ड हो गई। इसी हिस्से को काटकर सोशल मीडिया पर इस दावे के साथ साझा किया गया कि राजपाल यादव को सभा से बाहर कर दिया गया।
सेल्फी लेने वाले शख्स को लेकर हुआ था विवाद
वीडियो जर्नलिस्ट सुधीर जेना ने टीवी9 हिंदी डिजिटल को बताया कि राजपाल यादव के साथ कोई अभद्रता नहीं हुई थी। उनके मुताबिक, सभा से बाहर निकलते वक्त एक व्यक्ति अभिनेता के बेहद करीब जाकर सेल्फी लेने की कोशिश कर रहा था। वहां मौजूद लोगों ने उसे शोक सभा की मर्यादा बनाए रखने के लिए टोका।
जेना के अनुसार, आयोजकों और मीडिया से जुड़े लोगों ने भी उस व्यक्ति की हरकत पर नाराजगी जताई। बाद में वह व्यक्ति अपना फोन रखकर वहां से चला गया। राजपाल यादव ने इस दौरान मुश्ताक खान को श्रद्धांजलि दी और मीडिया से बातचीत के बाद वहां से रवाना हो गए।
शोक सभाओं में सेल्फी को लेकर पहले भी उठे सवाल
अंतिम यात्रा और प्रार्थना सभाओं में सेल्फी लेने की कोशिश का मामला पहले भी कई बार सामने आ चुका है। ऐसे मौकों पर कलाकारों और उनके परिजनों की ओर से लोगों से संवेदनशीलता और मर्यादा बनाए रखने की अपील की जाती रही है। जया बच्चन भी अलग-अलग मौकों पर शोक सभाओं में तस्वीरें लेने की कोशिश करने वालों पर नाराजगी जता चुकी हैं।
मलाइका अरोड़ा के पिता के निधन के बाद भी शोक व्यक्त करने पहुंचे लोगों के बीच सेल्फी लेने की कोशिशों को लेकर सवाल उठे थे। इसी तरह रितु नंदा की शोक सभा के दौरान भी तस्वीरें लेने को लेकर आपत्ति जताई गई थी। ऐसे में राजपाल यादव से जुड़ा वायरल वीडियो भी पूरी घटना का संदर्भ जाने बिना साझा किए जाने के कारण चर्चा में आ गया।


Comments