आप पर गर्व है...’, घायल कैप्टन स्मित मच्छार से अस्पताल में मिले दुबई के क्राउन प्रिंस, जमकर की बहादुरी की तारीफ
फ्लाईदुबई विमान हादसे में अपनी सूझबूझ और साहस से सैकड़ों यात्रियों की जान बचाने वाले भारतीय पायलट कैप्टन स्मित मच्छार से दुबई के क्राउन प्रिंस शेख हमदान बिन मोहम्मद बिन राशिद अल मक्तूम ने अस्पताल पहुंचकर मुलाकात की।
नई दिल्ली। फ्लाईदुबई विमान हादसे में अपनी सूझबूझ और साहस से सैकड़ों यात्रियों की जान बचाने वाले भारतीय पायलट कैप्टन स्मित मच्छार से दुबई के क्राउन प्रिंस शेख हमदान बिन मोहम्मद बिन राशिद अल मक्तूम ने अस्पताल पहुंचकर मुलाकात की। उन्होंने कैप्टन मच्छार के साहस और जिम्मेदारी की जमकर सराहना की।
शेख हमदान ने कहा कि कैप्टन स्मित ने साहस, जिम्मेदारी और मानव जीवन की रक्षा के प्रति समर्पण की मिसाल पेश की है। उन्होंने कहा कि यूएई नेतृत्व की ओर से उन्हें पूरा सम्मान और प्रशंसा है और देश को गर्व है कि वह उसकी टीम का हिस्सा हैं।
गौरतलब है कि 30 सितंबर को दुबई से तेल अवीव जा रही फ्लाईदुबई की उड़ान FZ1073 में कॉकपिट के अंदर सह-पायलट ने कैप्टन मच्छार पर हमला कर दिया था। गंभीर रूप से घायल होने के बावजूद उन्होंने कॉकपिट का दरवाजा खोल दिया, जिसके बाद यात्रियों और चालक दल के सदस्यों ने हमलावर को काबू किया। विमान को बाद में सऊदी अरब के तबुक में सुरक्षित उतारा गया।
अबू धाबी में इलाज करा रहे कैप्टन स्मित की हालत में सुधार बताया गया है। भारतीय दूतावास ने भी उनके बेहतर स्वास्थ्य की जानकारी दी है।


Comments