विद्युत स्पर्शाघात से रोलर चालक की मौत, क्षेत्र में मचा हड़कंप
मामले की निष्पक्ष जाँच की माँग, किया दोषी के खिलाफ कार्रवाई की माँग
स्वतंत्र प्रभात संवाददाता
बभनी/ सोनभद्र -
स्थानीय थाना क्षेत्र के घघरी ग्राम पंचायत में ठेकेदारी व्यवस्था के तहत कराए जा रहे सड़क मरम्मत एवं पेंटिंग कार्य के दौरान बिजली करंट की चपेट में आने से एक रोलर चालक की मौत हो गई। घटना के बाद मौके पर अफरातफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने कार्यस्थल पर सुरक्षा व्यवस्था में लापरवाही का आरोप लगाते हुए मामले की निष्पक्ष जांच और कार्रवाई की मांग की है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार मृतक युवक की पहचान मनोज के रूप में बताई जा रही है, जो रोलर चालक के रूप में कार्य कर रहा था। बताया गया कि सड़क मरम्मत कार्य के लिए रोलर को ट्रक पर लोड कर कार्यस्थल तक ले जाया जा रहा था। इसी दौरान ट्रक पर लदे रोलर की ऊंचाई अधिक होने के कारण ऊपर से गुजर रहे बिजली के तार के संपर्क में आ गया। तार नीचे झुके होने की वजह से चालक करंट की चपेट में आकर जमीन पर गिर गया।
मिली जानकारी के अनुसार आसपास मौजूद ग्रामीणों ने गंभीर रूप से घायल चालक को इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) म्योरपुर ले गए। वहां चिकित्सकों ने उसकी हालत गंभीर देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रॉबर्ट्सगंज रेफर कर दिया। जिला अस्पताल पहुंचने के बाद चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
स्थानीय लोगों का कहना है कि सड़क मरम्मत कार्य के दौरान सुरक्षा मानकों का उचित पालन नहीं किया गया। यदि कार्यस्थल पर बिजली के तारों और भारी मशीनों की आवाजाही को लेकर पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था की गई होती तो हादसे को टाला जा सकता था।
Read More जल जीवन मिशन की क्षतिग्रस्त पाइपलाइनों की 5 दिन में आख्या, शीघ्र शुरू होगी मरम्मत- जिलाधिकारीग्रामीणों ने प्रशासन एवं संबंधित विभाग से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने, हादसे के कारणों का पता लगाने और जिम्मेदार लोगों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई करने की मांग किया है।


Comments