नैनी डाकघर में बिजली के तार काटकर चोरी, कामकाज प्रभावित

सीसीटीवी कैमरे नहीं होने से सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल

Abhinav Shukla Picture
Published On

स्वतंत्र प्रभात।
 
नैनी, प्रयागराज।
 
 नैनी क्षेत्र स्थित नैनी डाकघर में चोरों ने बिजली के तार काटकर चोरी की वारदात को अंजाम दिया। 
 
चोर डाकघर की विद्युत व्यवस्था से जुड़े लाइट समेत अन्य बिजली के तार काटकर अपने साथ ले गए। तार चोरी होने के बाद डाकघर की बिजली आपूर्ति बाधित हो गई, जिससे वहां का नियमित कामकाज प्रभावित रहा।
 
बिजली आपूर्ति ठप होने के कारण डाकघर के कंप्यूटर भी बंद रहे। इससे कर्मचारियों को काम करने में काफी परेशानी का सामना करना पड़ा और डाकघर की विभिन्न सेवाएं प्रभावित रहीं। घटना की जानकारी होने पर कर्मचारियों में हड़कंप मच गया। हालांकि, डाकघर का इन्वर्टर सुरक्षित बताया जा रहा है, लेकिन बिजली के तार काटे जाने से पूरी विद्युत एवं कंप्यूटर व्यवस्था प्रभावित हो गई।
 
घटना के बाद डाकघर की सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े हो गए हैं। बताया जा रहा है कि डाकघर परिसर में सीसीटीवी कैमरे तक नहीं लगे हैं। ऐसे में रात के समय परिसर में आने-जाने वालों की निगरानी नहीं हो सकी,जिससे चोरी की घटना के बाद आरोपियों की पहचान करना पुलिस के लिए चुनौती बन गया है।स्थानीय लोगों ने डाकघर जैसे महत्वपूर्ण सरकारी संस्थान में सीसीटीवी कैमरे लगाने के साथ सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने और आसपास रात्रि गश्त बढ़ाने की मांग की है।
 
एमटीएस आनंद प्रसाद द्विवेदी ने बताया कि बिजली के तार चोरी हो जाने के कारण डाकघर का काम प्रभावित रहा। बिजली और कंप्यूटर उपलब्ध नहीं होने से कर्मचारियों को नियमित कार्य करने में परेशानी हुई। खबर लिखे जाने तक डाकघर के अधिकारी चोरी की घटना की तहरीर लेकर नैनी कोतवाली पहुंचे थे।वहीं, एसपीएम आनंद कुमार ने बताया कि बिजली के तार चोरी होने से करीब 10 से 12 हजार रुपये का नुकसान हुआ है।क्षतिग्रस्त तारों को जोड़ने के लिए मिस्त्री को बुलाया गया है। उन्होंने उम्मीद जताई कि मरम्मत का कार्य पूरा होने के बाद सोमवार से डाकघर का कामकाज सुचारु रूप से शुरू हो जाएगा।
 
 
 

About The Author

Post Comments

Comments

संबंधित खबरें