75 लाख की संपत्ति बिक्री की जानकारी के बाद लूट की साजिश का पुलिस का दावा, भांजी समेत तीन गिरफ्तार

रोहिणी के सेक्टर-3 में घर में लूटपाट के दौरान करीब 60 वर्षीय राकेश खन्ना की मौत के मामले में दिल्ली पुलिस ने मृतक की भांजी समेत तीन लोगों को गिरफ्तार करने का दावा किया है।

Swatantra Prabhat UP Picture
Published On

नई दिल्ली। रोहिणी के सेक्टर-3 में घर में लूटपाट के दौरान करीब 60 वर्षीय राकेश खन्ना की मौत के मामले में दिल्ली पुलिस ने मृतक की भांजी समेत तीन लोगों को गिरफ्तार करने का दावा किया है। पुलिस के मुताबिक, वारदात की साजिश मृतक की भांजी सिमरन तनेजा ने अपने परिचितों के साथ मिलकर रची थी। पुलिस ने मामले में करीब 72,400 रुपये नकद और दो सोने की अंगूठियां बरामद करने की बात कही है। एक अन्य आरोपी हिमांशु अभी फरार है।
 
पुलिस का दावा है कि राकेश खन्ना ने हाल में अपनी एक संपत्ति करीब 75 लाख रुपये में बेची थी। इसी के बारे में जानकारी मिलने के बाद सिमरन ने कथित तौर पर अपने परिचित हिमांशु के साथ मिलकर लूट की योजना बनाई। पुलिस के अनुसार, वारदात से पहले आरोपियों ने 30 अगस्त को घर की रेकी की थी और उस दिन भी वारदात की कोशिश की गई थी, लेकिन वे सफल नहीं हुए।
 
पुलिस के मुताबिक, एक सितंबर की शाम सिमरन ने कथित तौर पर मृतक की पत्नी और अपनी मां को पश्चिम विहार स्थित एक मेले में भेज दिया। इसके बाद वह अपने मामा के घर वापस आई। पुलिस का आरोप है कि सिमरन ने ही दरवाजा खुलवाया, जिसके बाद हेलमेट, टोपी और मास्क पहने उसके साथी घर में दाखिल हुए।
 
प्रारंभिक जांच के अनुसार, आरोपियों ने राकेश खन्ना को काबू किया और उनका मुंह दबाया। इसके बाद वह बेहोश हो गए। उन्हें परिजन जयपुर गोल्डन अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। हालांकि, मौत के वास्तविक कारण और पूरे घटनाक्रम की पुष्टि के लिए पुलिस आगे की जांच कर रही है।
 
पुलिस के अनुसार, घटना की सूचना एक सितंबर की रात करीब 8:14 बजे मिली थी। सूचना घर में चोरी और एक व्यक्ति के बेहोश होने के संबंध में थी। इसके बाद स्थानीय पुलिस, एफएसएल और क्राइम टीम ने मौके का निरीक्षण किया। पुलिस ने सिमरन तनेजा (23), चिराग (22) और पारस (19) को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, सिमरन बुराड़ी की रहने वाली है और प्राथमिक विद्यालय में शिक्षिका है। चिराग बाबा कॉलोनी, बुराड़ी में जिम ट्रेनर है, जबकि पारस 12वीं कक्षा का छात्र है। पुलिस का कहना है कि पारस पहले भी मुखर्जी नगर थाने में दर्ज एक मामले में शामिल रहा है।
 
पुलिस के मुताबिक, आरोपियों की निशानदेही पर करीब 72,400 रुपये नकद और दो सोने की अंगूठियां बरामद की गई हैं। पुलिस अब फरार आरोपी हिमांशु की तलाश कर रही है।
 
दक्षिण रोहिणी थाने में भारतीय न्याय संहिता की धारा 103(1), 309(4) और 3(5) के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस का कहना है कि जांच अभी जारी है और आरोपियों की भूमिका, बरामदगी तथा राकेश खन्ना की मौत की परिस्थितियों की विस्तृत जांच की जा रही है।
 
 

About The Author

Post Comments

Comments

संबंधित खबरें